■ मगहर कस्बे में पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगाया कैम्प
■ लोगों को दवाएं बांटीं और जांच की, पानी में क्लोरीनेशन भी मिला कम
आलोक बर्नवाल
संतकबीरनगर। नगर पंचायत मगहर के दो मुहल्लों में लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां पर पहुंचकर कैम्प लगाया। लोगों को दवाएं भी वितरित की गयीं। जांचोपरान्त जो मामला सामने आया वह पाइप लाइन में लीकेज का था, जिसके चलते वहां का जल प्रदूषित हुआ और लोगों को उल्टी दस्त हुई। जांच के दौरान क्लोरीनेशन भी कम मिला।
नगर पंचायत मगहर के रेहरवा तथा इस्लामनगर में लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत मिली। इस बात की जानकारी होने के बाद जिले के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी आरसीएच डॉ मोहन झा के निर्देशन मे चिकित्सकों तथा विशेषज्ञों की टीम मगहर कस्बे में पहुंची। मगहर कस्बे के रेहरवा और इस्लामनगर मुहल्ले के लोगों ने पूछताछ के दौरान यह बताया कि 12 सितम्बर की शाम से ही यह स्थिति हुई है और मुहल्ले के कुछ लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई है। इसके बाद जिले के सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा, महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ मुबारक अली व जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने स्थानीय लोगों से वहां पर जलापूर्ति व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। लोगों ने सप्लाई का पानी पीने की बात कही। इसके बाद सप्लाई पाइप के मूल स्थान पर क्लोरीनेशन की जांच की गई। साथ ही मुहल्ले में निकलने वाले पाइप में क्लोरीनेशन की जांच हुई। दोनों में भारी अंतर पाया गया। टीम का कहना है कि पाइप में कहीं लीकेज है, जिसके जरिए बाहर से पानी पाइप में आ रहा है। यही नहीं जलापूर्ति व्यवस्था के उदगम स्थल पर भी क्लोरीनेशन मानक के अनुसार नहीं था। नगर पंचायत में जलापूर्ति व्यवस्था देखने वाली टीम को लीकेज खोजकर उसे बन्द करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल का क्लोरीनेशन मानक के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी, मगहर सीएचसी के चिकित्सक डॉ दीपक कुमार, सुरजीत सिंह, मृत्युंजय गुप्ता समेत अन्य लोगों ने पूरे मुहल्ले के हर व्यक्ति से बात कर ली।
दोनों मुहल्लों में लगाया गया स्वास्थ्य कैम्प
दोनों प्रभावित मुहल्लो में स्वास्थ्य कैम्प लगाकर वहां के नागरिकों को क्लोरीन की गोलियां, ओआरएस के पैकेट के साथ ही साथ प्रतिरक्षण के लिए दवाएं भी दी गईं। डॉ मोहन झा ने बताया कि मुहल्ले में तीन लोगों को दस्त आ रही थी, उसको नियन्त्रित करने के लिए दवा दी गई है। दोनों मुहल्लों में कोई विशेष पीडि़त नहीं मिला।
मोहल्लेवासियों को दिए ये सुझाव
इस दौरान चिकित्सकों के साथ गई टीम ने मुहल्ले के लोगों को यह सलाह दी कि बिना हाथ धोए भोजन न करें, पानी को उबालकर पीएं, बासी भोजन खासकर दाल और मांस जिसमें प्रोटीन अधिक होता है, वह कदापि न खाएं। दस्त आदि आने पर तुरन्त 108 व 102 एम्बुलेन्स बुलाकर चिकित्सालय पहुंच जाएं और इलाज कराएं।
‘‘ मगहर में दो मुहल्लों में लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत मिली थी। मौके की नजाकत को देखते हुए तुरन्त स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां पर पहुंची, कैम्प किया तथा दवाओं का वितरण किया। जांच के बाद यह पता चला कि मुहल्ले में जलापूर्ति वाली पाइप लाइन में लीकेज के चलते जल प्रदूषित हुआ है, लोगों को हल्की उल्टी दस्त हुई। स्थिति नियंत्रण में है।
डॉ हरगोविंद सिंह (सीएमओ)

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ