Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

आपदा प्रबंधन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित


अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण की बैठक आयोजित हुई। उ0प्र0 राज्य आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आपदा प्रबन्धन से सम्बंधित प्लान को और सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई।

                     जानकारी के अनुसार उ0प्र0 राज्य आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (मुख्य सचिव स्तर) लेफ्टिनेंट जनरल रविन्द्र प्रताप साही शुक्रवार को जिले के दौरे पर थे। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में श्री साही ने कहा कि जिला स्तरीय आपदा प्रबन्धन प्लान बनाते समय सभी गांवों का ध्यान रखना आवश्यक है। प्लान ऐसा हो जिससे ग्राम स्तर तक इसका लाभ मिले। गांवों में होने वाले विकास कार्य में आपदा प्रबन्धन को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा कि लेखपालों को प्रथम प्रत्योत्तरदाता के रूप में प्रशिक्षण दिलाया गया है। लेखपालों को मिले प्रशिक्षण का लाभ लोगों को मिलना चाहिए। सर्पदंश के मामलों में कमी लाने के लिए प्रयास करें। उन्होंने सीएमओ से एण्टी वेनम के सम्बंध में जानकारी ली। सीएमओ डा. घनश्याम सिंह ने बताया कि एण्टी वेनम सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध है। श्री साही ने कहा कि इस बात की जानकारी सभी को होनी चाहिए। सांप काटने के तुरंत बाद पीड़ित को सीएचसी पहुंचाना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है। श्री साही ने कहा कि सबसे अधिक आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं उड़ीसा में होती हैं लेकिन सबसे अधिक जान उत्तर प्रदेश में जाती है। ऐसा इसलिए है कि लोगों को इस बात की जानकारी नहीं है कि बिजली गिरने के दौरान उन्हें क्या करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से हमें आपदा में होने वाले नुकसान को कम करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से पूर्व की तैयारी समय रहते कर ली जाए। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। बाढ़ बचाव के सम्बंध में शासन की गाइडलाइन पर सभी सम्बंधित विभाग अपनी गाइडलाइन बनाएंगे। जिसे एक साथ करके जिले का प्लान बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अलग अलग विभागों में समन्वय बढ़ाना होगा। इसके अतिरिक्त उ0प्र0 राज्य आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने आपदा प्रबंधन के सम्बंध में कई दिशा निर्देश दिए। इससे पूर्व आपदा प्रबंधन सलाहकार सचिन मदान ने पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से जिला आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार शुक्ला ने श्री साही को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जिले में आपदा प्रबंधन से सम्बंधित कार्यों को शासन के मंशानुरूप सम्पादित किया जा रहा है। श्री साही द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार, सीबीएनके एई गोपाल राम, पीडब्लूडी एई एसडी पाण्डेय, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अशरफ अली, तुलसीपुर एसडीएम विनोद सिंह, प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सुमित कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, एसडीएम उतरौला अरूण कुमार गौड़, उतरौला तहसीलदार रोहित कुमार मौर्य, डीपीआरओ अशोक कुमार दूब रवि शुक्ला व प्रवीण पांडे सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad



 

Below Post Ad

5/vgrid/खबरे