अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय की नगर पालिका परिषद द्वारा शनिवार को नगर पालिका परिषद के सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सफाई कर्मियों के साथ आपातकालीन बैठक करके प्रधानमंत्री के आवाहन के बाद जनपद वासियों से सहयोग करने की अपील की गई है । नगर पालिका अध्यक्ष किताबुन निसा द्वारा जारी दिशा निर्देश में अपील किया गया है कि लोग एहतियात बरतें तथा एक दूसरे से मिलते समय कम से कम एक मीटर की दूरी अवश्य बनाए रखें । बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार जैसवाल द्वारा सफाई कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि सभी सफाई कर्मी 22 मार्च रविवार को अवकाश पर नहीं रहेंगे ।
सभी सफाई कर्मी नगर के स्वच्छता के लिए ड्यूटी पर आएंगे ।उन्होंने सफाई कर्मियों को सैनिटाइजर तथा मास्क उपलब्ध कराया और कहा कि सभी लोग कोरोना से बचाव करते हुए नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग प्रदान करें । शनिवार को भी सफाई कर्मियों ने नगर के विभिन्न मोहल्लों में दवाओं का छिड़काव किया तथा स्वच्छता अभियान चलाया । अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली ने बताया कि नगर को स्वच्छ रखने के लिए सभी सफाई कर्मियों को निर्देशित कर दिया गया है और अपील की जा रही है कि सभी नगर वासी जरूरत से अधिक बाहर ना निकले । समय-समय पर अपने हाथों को धुलते रहें । सरकारी प्रचार माध्यमों द्वारा दिए जा रहे बचाव के तरीकों का पालन अवश्य करें । खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने दें । बैठक में नगर पालिका के तमाम सभासद, अधिकारी, कर्मचारी तथा सफाई कर्मी मौजूद थे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ