ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जिले की विकास खंड बेलसर के पकवान गांव प्रियदर्शिनी फाउंडेशन के तत्वावधान में एक दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कार्य करने वाली प्रतिभाओं को इस महोत्सव में सम्मानित किया गया। इसमें कवि सम्मेलन के साथ ही होली मिलन कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशियों को साझा किया।
एक दिवसीय पकवान गांव महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि चर्चित युवा समाजसेविका एवं वर्ल्ड विजन इंटरनेशनल फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योति तिवारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ज्योति तिवारी ने कहा कि कोरोना जैसे महामारी से हमें डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि उससे सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर आज देश विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। यह राष्ट्र के साथ ही हमारे लिए भी परीक्षा की घड़ी है। हमें बहुत ही सावधानी और सतर्कता बरतने की जरूरत है तथा इसके लिए लोगों को जागरूक करने की भी महती आवश्यकता है। पकवान गांव महोत्सव के आयोजन की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए श्रीमती तिवारी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज को एकसूत्र में बांधने तथा आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारा की नींव को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि रेप जैसी घटनाएं मानवीय मूल्यों तथा मानवता को शर्मसार करती हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए पुरूषों को कारगर और ईमानदार पहल करने की जरूरत है।
सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता एवं चर्चित युवा समाजसेविका संगीता सिंह ने कहा कि रेप जैसी गंभीर घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने निर्भया कांड के चारों दोषियों को फांसी की सजा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे मानवता को शर्मसार करने वालों को सबक लेना चाहिए। इस महोत्सव में जानी मानी सामाजिक कार्यकर्ता ज्योति तिवारी, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था इंकलाब फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह के साथ ही अलग अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 200 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक कार्य, साहित्य, शिक्षा, कृषि एवं राजनीति से जुड़ी हस्तियां शामिल हैं।
कार्यक्रम में तरबगंज विधायक प्रतिनिधि मनोज पांडेय, भाजपा नेता विनोद कुमार शुक्ला, सीएससी के जिला प्रबंधक सुनील कुमार तिवारी, भाजपा नेता अनुपम प्रकाश शुक्ला, सोनू सिंह, विपनेश यादव, हरीश दुबे, प्रभात मिश्र, रवि शुक्ल सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम आयोजक बृजेश कुमार मिश्र एवं संयोजक पूर्व सैनिक विजय बहादुर सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ