Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

BALRAMPUR...राज्य मंत्री ने किया जिला संयुक्त तथा जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण


अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश शासन के वन, पर्यावरण, जन्तु एवं उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. अरुण कुमार सक्सेना ने जिला मुख्यालय स्थित दोनों जिला अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां दोनों अस्पतालों में चिकित्सक व पैरामेडिक स्टाफ के साथ-साथ संसाधनों का मुद्दा उठा। वहीं अस्पतालों में गंदगी मिलने पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की।



जानकारी के अनुसार संयुक्त जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि अस्पताल में मरीजों से अवैध वसूली बंद होनी चाहिए। जिम्मेदार लोग पूरी गम्भीरता से कार्य करें। दो दिवसीय दौरे के दौरान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अरुण सक्सेना शनिवार देर शाम जिले में पहुंच गए थे। रविवार सुबह 11 बजे मंत्री का काफिला जिला महिला अस्पताल पहुंच गया। मंत्री के आने की सूचना से अस्पताल प्रशासन हलकान दिखा। मंत्री सीधे वार्ड में पहुंच गए। उन्होंने सीएमएस से पूछा कि अस्पताल में कितने बेड हैं, जिसपर सीएमएस डा. विनीता राय ने कहा कि सिर्फ 30 बेड अस्पताल में उपलब्ध हैं। 25 प्रसूताएं भर्ती हैं। बताया कि 1884 में यह अस्पताल बना था। जिला अस्पताल का दर्जा मिलने के बाद भी यहां सुविधाएं नहीं बढ़ी हैं, जिससे कार्य करने में काफी परेशानी होती है। सीएमएस ने अस्पताल में जगह की कमी, संसाधनों व चिकित्सकों सहित कई अन्य समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। जिसपर मंत्री ने कहा कि सारी समस्याओं से सम्बन्धित एक पत्र उन्हें दिया जाए। साथ ही पत्र की एक प्रतिलिपि स्वास्थ्य निदेशालय भी भेजी जाए। उन्होंने कहा कि समस्या को शासन स्तर पर रखा जाएगा। अस्पताल के प्रतीक्षालय में पंखा न होने तथा परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मंत्री ने कहा कि अस्पताल में शुद्ध पेयजल व पंखे की तत्काल व्यवस्था कराई जाए। संक्रमित कचरों का निस्तारण समय पूर्वक होना चाहिए। उन्होंने अस्पताल के पैथॉलाजी का भी निरीक्षण किया। यहां से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का काफिला संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचा। रविवार होने के कारण अस्पताल में सन्नाटा था। वार्डों में मरीज भर्ती थे। अस्पताल पहुंचते ही मंत्री ने कहा कि यहां मरीजों से धन उगाही करने की शिकायतें मिली हैं। अस्पताल के सीएमएस गम्भीरता से व्यवस्थाओं को देखें। भ्रष्ट लोगों को सरकार कोई भी रियायत नहीं देने वाली है। उपलब्ध संसाधनों के जरिए सरकार के मंशानुरूप मरीजों को सुविधाएं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, सीएमओ डा. सुशील कुमार, एएसपी नम्रता श्रीवास्तव, प्रभारी सीएमएस डा. एके यादव सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।


बाक्स
मरीजों से पूछा हाल, गंदगी देख भड़के मंत्री

संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने वार्ड में भर्ती बेलहा निवासी शौकत अली व नन्दनगर की कुसुमा से हाल पूछा। मंत्री ने पूछा कि इलाज बेहतर मिल रहा है। किसी ने पैसा तो नहीं लिया है। मरीजों का उत्तर था नहीं। उन्होंने सर्जिकल वार्ड एवं इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में जगह-जगह पान मसाले की पीक देखकर मंत्री नाराज हुए। मरीजों के बैठने के लिए लगी बेंच के नीचे की फर्श पान मसाला थूकने से एकदम लाल थी। मंत्री ने वार्डों में जाला लगा देख कहा कि ऐसा लगता है कि अस्पताल प्रशासन व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। इमरजेंसी गेट पर लगा वाटर टैंक खराब पाया गया। साथ ही इसमें गंदगी की भरमार थी। जिसे तत्काल सही कराने का निर्देश दिया। अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डा. एके यादव ने चिकित्सकों के कमी का मुद्दा उठाया। कहा कि 32 में सिर्फ आठ डाक्टरों की तैनाती है। इसपर मंत्री बोले की पूरे प्रदेश में चिकित्सकों की कमी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad



 

Below Post Ad

5/vgrid/खबरे