अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर सहित पूरे देश एवं विदेश में उत्कृष्ट चीनी उत्पादन को लेकर अग्रणी बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की बलरामपुर ईकाई में शुक्रवार को वित्तीय जागरूकता एवं पूंजी बाजार विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया ।
13 फरवरी को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड.की इकाई–बलरामपुर में “वित्तीय जागरूकता एवं पूंजी बाजार परिचर्चा” विषय पर एक महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित निवेश, पूंजी बाजार की संरचना, निवेशकों के अधिकार एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में Securities and Exchange Board of India (SEBI) से पधारे शिवराज कार्तन, प्रबंधक महोदय ने पूंजी बाजार के नियामकीय प्रावधानों, निवेशकों की सुरक्षा तथा वित्तीय अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने निवेश से पूर्व आवश्यक सतर्कताओं एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
साथ ही National Stock Exchange of India (NSE) से पधारीं श्रुति शर्मा, प्रबंधक महोदया ने शेयर बाजार की कार्यप्रणाली, विभिन्न निवेश विकल्पों, म्यूचुअल फंड, आईपीओ तथा दीर्घकालिक निवेश रणनीतियों के विषय में सरल एवं प्रभावी प्रस्तुति दी। उनके व्यावहारिक उदाहरणों ने सत्र को अत्यंत रोचक एवं उपयोगी बना दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में डॉ. अजीत कुमार मौर्य, SEBI प्रमाणित वित्तीय प्रशिक्षक का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में यह सत्र सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मानव संसाधन एवं अन्य विभागों की ओर से डी.के. सिंह (एचआर हेड), मुकेश कुमार शुक्ला (प्रबंधक–एचआर), आशुतोष तिवारी (सहायक प्रबंधक–एचआर), आफताब अली (अधिकारी–एचआर), धर्मेन्द्र सिंह (उप प्रबंधक–विधि) तथा शशि प्रकाश सिंह (एलडब्ल्यूओ) सहित अन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रश्नोत्तर सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह सत्र कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के वित्तीय जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अंत में, सभी वक्ताओं, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ