Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

प्रधान प्रतिनिधि समेत 17 गिरफ्तार: महिला का बाल कटवा कर मुंह पर पोती कालिख, युवक ने भाग कर बचाई जान



उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद अंतर्गत कुंडा में एक तुगलकी फरमान की चौतरफा निंदा हो रही है। गांव में पंचायत बुलाकर फरमान सुनाया गया, जिसमें महिला के चेहरे पर कालिख पोतकर, पेड़ में बांधकर बाल कटवाने की सजा सुनाई गई। हालांकि पुलिस ने मामले में प्रधान प्रतिनिधि समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं। 

प्रतापगढ़ जिले के कुंडा तहसील अंतर्गत हथिगवां थाना क्षेत्र में निंदनीय घटना सामने आई है। तीन बच्चों की मां को प्रेम प्रसंग के आरोप में पंचायत के उपरांत तुगलकी फरमान सुनाया गया, जिसको लेकर अब पुलिस एक्शन में है। महिला को छुड़ाने के दौरान पुलिस से भी मारपीट करने का आरोप है। मामले में कुल 25 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है।

क्या है पूरा मामला 

मिली जानकारी के मुताबिक हथिगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव में महिला की पिटाई करके उसके बाल कटवा दिए गए। महिला को पेड़ से बांधकर उसके मुंह पर कालिख पोती गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। तुगलकी फरमान सुनाने वालों के चंगुल से महिला को मुक्त करने गई पुलिस से भी मारपीट करते हुए कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। इसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने लगभग 50 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीकृत करके 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मुम्बई रहता है महिला का पति

दरअसल महिला का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई रहता है, महिला अपने तीनों बच्चों के साथ गांव में रहती है। महिला के एक 12 साल का बेटा और दो छोटी बेटियां हैं।

प्रेमी प्रेमिका की पिटाई

बताया जाता है कि महिला का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग की चर्चा थी, इसी कारण से गांव में पंचायत बुलाई गई। जिसमें गांव के हुक्मरानों ने महिला और उसकी कथित प्रेमी के बाल कटवा कर पेड़ में बांधकर पिटाई करने और मुंह पर कालिख पोतने का फ़रमान सुना दिया। इसके बाद युवक और युवती की पिटाई की गई। तभी मौका पाकर युवक वहां से भाग निकला, लेकिन महिला के सिर के बाल कटवा कर चेहरे पर कालिख पोत दी गई।

17 गिरफ्तार

गांव वालों के सूचना पर पहुंची हथिगवां पुलिस ने महिला को मुक्त कराने की कोशिश की, तो पुलिस टीम के कार्य में बाधा उत्पन्न किया गया। मौके पर पहुंची भारी पुलिस बल ने प्रधान प्रतिनिधि समेत 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। 

बोले क्षेत्राधिकारी

वही मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंडा अजीत सिंह ने बताया कि इब्राहिमपुर गांव में हरी लाल पटेल के घर के सामने एक पंचायत हुई, गांव के लवकुश नामक व्यक्ति से महिला का संबंध था, वह उसी के साथ रहना चाहती थी, महिला के गांव वालों और उसके रिश्तेदारों ने उसे समझाया लेकिन वह नहीं मान रही थी। इसके बाद महिला के बाल काट दिए गए, महिला के चेहरे पर कालिख पोत दी गई, महिला से बदतमीजी की गई। मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। तो पुलिस के कार्य में बाधा डाली गई। मामले में प्रभारी निरीक्षक हथिगवां ने गांव के 25 नामजद और 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, शेष की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad



 




Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे