गोंडा के कटरा बाजार में विवाहिता ने की आत्महत्या, संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से झूल गई मनोरमा, पंखे के हुक से विवाहिता ने दुपट्टे से लगाई फांसी। परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप।
कृष्ण मोहन
उत्तर प्रदेश के गोंडा में विवाहिता ने दुपट्टे के सहारे पंखे के हुक से लटक कर संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले के जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बिकरवा नारायणपुर खुर्द गांव के रहने वाले कपिल की 22 वर्षीय पत्नी मनोरमा देवी ने पंखे के हुक से दुपट्टे को फंसा कर फांसी लगा लिया। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले पहुंच गए। सबका रो-रो कर बुरा हाल रहा। इस दौरान परिवार वाले रोते हुए दहेज हत्या का आरोप लगाकर ससुराल वालों को कोसते रहे।
2 साल पहले हुई थी शादी
बताया जाता है कि पड़ोसी जनपद बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लेंगड़जोत गांव के रहने वाले राजेश कुमार की 22 वर्षीय पुत्री मनोरमा देवी का विवाह राजाराम के लड़के कपिल के साथ हुआ था। शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन बीते कुछ दिनों से मनोरमा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था।
दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता
मृतका के पिता राजेश का आरोप है कि लगभग 1 वर्षों से अतिरिक्त दहेज में ससुराल वाले मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग कर रहे थे, जिसको देने में सक्षम नहीं था, यह बात बेटी भली बात जानती थी। लेकिन पति, ससुर, सास, ननंद, नंदोई दहेज की मांग को लेकर लगातार ताने मारते हुए प्रताड़ित करते थे। मायके आने पर बेटी ने यह बात घर में बताई थी। लेकिन तब परिवार वालों ने समय के साथ सब ठीक हो जाने का आश्वासन देकर उसे समझा दिया था। घर वालों को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि मांग की प्रताड़ना यहां तक बढ़ जाएगी कि बेटी को खुद को खत्म करने जैसा कदम उठाना पड़ेगा, इसी बात से तंग होकर बेटी ने आत्महत्या कर लिया है।
दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
पीड़ित पिता के शिकायती पत्र पर कटरा बाजार पुलिस ने सास, ससुर, ननद, नंदोई, पति सहित ससुराल के सभी लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
बोले इंस्पेक्टर
कटरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता के शव को पंचायत नामा के बाद पीएम के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता के शिकायती पत्र पर पति समेत ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ