बुलंदशहर के अरनिया में भीषण हादसा, यात्रियों भरी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से घुसी ट्रक, आठ लोगों की दर्दनाक मौत 43 घायल, तीन की स्थिति अति गंभीर, आधी रात के बाद हुआ हादसा।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बुलंदशहर अलीगढ़ बॉर्डर पर भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वही 43 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। तीन की स्थिति अति गंभीर है, जिनका वेंटिलेटर पर इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार सोमवार की रात लगभग 2:00 बजे अरनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अरनिया बाईपास के नेशनल हाईवे 34 से होते हुए ट्रैक्टर ट्राली में कासगंज जिले के सोरो थाना क्षेत्र अंतर्गत रफात गांव के रहने वाले 61 ग्रामीण सवार होकर राजस्थान के जारपी जा रहे थे। इसी दौरान बुलंदशहर अलीगढ़ बॉर्डर पर पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ट्रक ने ठोकर मार दिया। जिससे ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर 61 लोग राजस्थान जा रहे थे, सूने रास्ते पर ट्रैक्टर ट्राली की रफ्तार भी तेज थी, उधर पीछे से आ रहा कैंटर ट्रक भी अत्यधिक तेज रफ्तार में था, इस दौरान ट्रक चालक ने ट्रक की स्टेरिंग से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर के ट्राली में पीछे से घुस गया, ठोकर लगते ही ट्रैक्टर ट्राली सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। घटनास्थल पर लोग तड़पने लगे। इसी दौरान पेट्रोलियम पर निकली पुलिस टीम को स्थानीय ग्रामीणों से हादसे की जानकारी मिली, जिससे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गईं, रेस्क्यू अभियान चालू कर दिया गया।
आठ की मौत, 43 घायल, तीन गंभीर
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, 10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जबकि 10 घायलों को बुलंदशहर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 23 घायल कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती हैं। जिसमें तीन घायलों की स्थिति अति गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। हादसे में आठ घायलों की दर्दनाक मौत हो गई है।
बोले एसएसपी
बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने घटना के बाबत जानकारी देते हुए बताया कि आधी रात के बाद हुए हादसे में आठ लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है। 43 लोग घायल है, तीन घायलों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। शेष की स्थिति सामान्य है। फिर भी बेहतर उपचार के लिए सभी घायलों को हायर सेंटर भेजा जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ट्राली और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। यातायात व्यवस्था सुचारू है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ