Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

पड़ोस की लड़की से युवक ने की थी शादी, लड़की के घर वालों ने कुल्हाड़ी से मार कर की हत्या

कौशांबी के चरवा में प्रेमी की हत्या, प्रेमिका के घर वालों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला करके की हत्या, इलाज के दौरान प्रेमी की मौत, बीते दिनों युवक ने गांव के ही लड़की से मंदिर में की थी शादी। 

मंदिर में शादी की फाइल फोटो


मेराज हैदर 

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में दिल दहला देने वाला मामला देखने को मिला है, घर से निकल कर गांव में जा रहे युवक को पत्नी के घर वालों ने पकड़ कर घर में पिटाई कर दी। धारदार हथियार से हमला करके युवक को धराशाई कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में मृतक की पत्नी ने अपने मायके वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार के देर रात चरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतगहा गांव में 20 वर्षीय अंकुल पुत्र राकेश को पत्नी के घर वालों ने पकड़ कर घर के अंदर खींच लिया। इसके बाद युवक के ऊपर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला करके घायल कर दिया। गंभीर दशा में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चायल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।।


अब जानिए पूरा मामला 

दरअसल गांव के रहने वाले अंकुल ने गांव की रहने वाली रोशनी से 6 मई को युवती के ननिहाल तिलकपुर स्थित शिव मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था। जिससे युवती के परिजन नाराज थे। मंगलवार की रात अंकुल गांव में ही दवा लेने के लिए निकला था। तभी, पत्नी के मायके वालों ने उसे घसीट कर एक बंद पड़े घर के कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से हमला करके मरणासन्न कर दिया। गांव वालों के सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर दशा में अंकुर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।


पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव 

वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई, मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वही मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गांव में डेरा जमा दिया है। पूरे गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गए। मामले में मृतक की पत्नी ने अपने मायके वालों पर मारपीट करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। 


मृतक की पत्नी ने मायके वालों पर लगाया आरोप

मृतक की पत्नी रोशनी ने रोते हुए बताया कि वह पड़ोस के रहने वाले अंकुल से प्यार करती थी। जिसको लेकर घर वाले नाराज रहते थे। घरवाले जान से मार देने की धमकी देते थे, इसके बावजूद भी 6 मई को तिलकपुर गांव ननिहाल स्थित शिव मंदिर में शादी कर लिया था। जिसके कारण पति की चाचा, भाई, परिवार के अन्य सदस्य घर में बंद करके कुल्हाड़ी से मारे हैं। रोशनी के मुताबिक परिवार वालों ने उस पर भी हमला किया था लेकिन वह भाग निकली थी।

 

बोले सीओ 

मामले में चायल पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने बयान जारी करते हुए बताया कि मारपीट होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक ने गांव की लड़की से मंदिर में शादी कर ली थी। जिससे लड़की के परिजन नाराज थे, मृतक के घर पर मौजूद परिजनों ने बताया कि मृतक के माता-पिता मुंबई में रहते हैं उनके आने पर शिकायती पत्र दिया जाएगा। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे