अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में संस्कृति मंत्रालय उत्तर प्रदेश, भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं स्पिक मैके के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम अंतर्गत सितार वादन कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को कृषक राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरदौरी एवं कुबेरमती पाण्डेय मेमोरियल इंटर कॉलेज श्रीदत्तगंज में आयोजित कार्यक्रम से हुआ। प्रख्यात सितार वादक पंडित शुभेन्दु राव के सितार की सुरमयी धुनों ने विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
26 सितंबर को आयोजित सितार वादन कार्यक्रम के प्रथम चक्र में कृषक राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरदौरी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कलाकार प्रख्यात सितार वादक पंडित राव व तबला वादक जहीन खान,स्पिक मैके देवीपाटन - बस्ती मंडल के ग्रुप कोऑर्डिनेटर लेफ्टिनेंट डॉ देवेन्द्र कुमार चौहान, विद्यालय के प्रबंधक सर्वेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। पंडित शुभेन्दु राव के सुरमयी सितार की धुनों ने उपस्थित श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया, वहीं तबला वादक ज़हीन खान के तबला की थाप ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय प्रबंधक सर्वेश कुमार सिंह ने स्पिक मैके के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं संस्कृति को संजोकर नई पीढ़ी तक पहुचाने के लिए तत्पर स्पिक मैके का यह आंदोलन युवाओं की दिशा व दशा तय करने में सहायक है। वहीं दूसरे चक्र में कुबेरमती पाण्डेय मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रमोद मिश्र ने किया। पंडित शुभेन्दु राव ने कार्यक्रम की शुरुआत वृन्दावनी सारंग राग से किया। मनमोहक व अविस्मरणीय प्रस्तुति ने सभी के मन मस्तिष्क पर अमिट छाप छोड़ने में सफल रहा और विद्यार्थी झूमते नज़र आये। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार ने किया। इस अवसर पर सचिन सिंह व परिमल शुक्ल सहित कई लोग मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ