अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गुरुवार को तुलसीपुर में मां पाटेश्वरी के दर्शन के बाद व्यापक गृह संपर्क अभियान का शुभारंभ किया गया।
संगठन की ओर से इसे दुनिया का सबसे बड़ा गृह संपर्क अभियान बताया जा रहा है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग तक संघ का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार ने बताया कि शताब्दी वर्ष के तृतीय चरण के तहत यह अभियान शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत संघ के स्वयंसेवक टोलीवार जनपद के विभिन्न मोहल्लों, गांवों और कस्बों में पहुंचकर लोगों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि संघ ने बलरामपुर जिले में लाखों घरों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए सभी खंडों में टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण उत्थान का राष्ट्रीय संकल्प है। स्वयंसेवक लोगों को स्थानीय स्तर पर चल रही शाखाओं, संस्कार वर्गों और सेवा परियोजनाओं की जानकारी भी देंगे। जिला कार्यवाह किरीट मणि ने कहा कि यह अभियान केवल साहित्य वितरण नहीं है, बल्कि समाज के साथ आत्मीयता और विश्वास का संबंध और मजबूत करने का प्रयास है। स्वयंसेवक घर-घर जाकर भारत माता का चित्र और संघ की विचारधारा, इतिहास एवं सेवा कार्यों से संबंधित साहित्य भेंट कर रहे हैं। उन्होंने संघ के पूर्व में दायित्व पर रहे स्वयंसेवकों से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया और बताया कि अभियान के दौरान स्वयंसेवक नागरिकों की समस्याओं और सामाजिक आवश्यकताओं को भी समझ रहे हैं, ताकि आगे सेवा गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। आरएसएस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य समाज में सद्भाव, सुरक्षा और संगठन की भावना को प्रबल करना है। अभियान की अवधि एक माह निर्धारित की गई है, जो 21 दिसंबर तक चलेगा।
संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर पहुंचाए जाने वाले साहित्य में संघ के 100 वर्षों की यात्रा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी, नागरिक अनुशासन और सेवा कार्यों से संबंधित संदेश शामिल हैं। संघ का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से समाज के साथ प्रत्यक्ष संवाद बढ़ेगा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनभागीदारी को मजबूती मिलेगी। अभियान के शुभारंभ के साथ ही जिलेभर में स्वयंसेवकों की सक्रियता और जनसंपर्क गतिविधियाँ तेज हो गई हैं, जिससे शताब्दी वर्ष के इस विशेष आयोजन में व्यापक सहभागिता की उम्मीद की जा रही है। इस अवसर पर जिला कार्यवाह किरीट मणि, तुलसीपुर विस्तारक अभिषेक, अवधेश, शिवम, श्यामसुंदर, जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक कार्यकर्ता शामिल हुए।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ