अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के ललिया थाना क्षेत्र के सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल मकुनहवा कुटी आश्रम पर कबीर पंथ के संत महन्तों की मण्डल स्तरीय बैठक मंगलवार को सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य आगामी 20 नवंबर को प्रस्तावित भव्य धार्मिक आयोजन की रूपरेखा तय करना तथा कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर अंतिम निर्णय लेना था, जहां देवीपाटन मंडल के चारों जिला गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर से आये प्रमुख संत महन्तों ने सहभागिता की।
18 नवंबर को आयोजित बैठक की अध्यक्षता केडीबी मिशन के जिलाध्यक्ष महन्त सत्यप्रकाश दास जी महाराज ने की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन कबीर पंथ की आध्यात्मिक परंपरा, सत्संग, संवाद और सामाजिक समरसता के संदेश को जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहा है। यह कार्यक्रम पंथ श्री हुजूर प्रकाश मुनि नाम साहेब एवं नवोदित वंशाचार्य पंथ श्री हुजूर उदित मुनि नाम साहेब, धर्मनगर दामाखेड़ा के निर्देशन में सम्पन्न होगा, जिससे अनुयायियों में भारी उत्साह है। महन्त सत्यप्रकाश दास जी महाराज ने बताया कि धार्मिक आयोजन ललिया थाना क्षेत्र के शिवपुरा–झांगीडीह मार्ग के निकट स्थित फेरी राम दास के परेड़ ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भजन–कीर्तन, सत्संग, आध्यात्मिक प्रवचन, संत–समागम तथा पंथीय परंपराओं का विस्तृत वर्णन होगा। उन्होंने बताया कि दूर–दराज़ से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समुचित व्यवस्था की गयी। संत महन्तों ने क्षेत्र में समरसता, शांति और आध्यात्मिक जागरण को मजबूत करने के उद्देश्य से इस आयोजन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कबीर पंथ के सद्गुरुओं की वाणी समय–समय पर समाज को नई दिशा प्रदान करती आई है। क्षेत्रीय श्रद्धालुओं और पंथ के अनुयायियों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। संतों का मानना है कि इस प्रकार के सत्संग समारोह क्षेत्र की आध्यात्मिक परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं और समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर महन्त शांति प्रसाद दास जी महराज, महन्त यज्ञनारायण दास जी महाराज, महन्त प्रदीप दास, महन्त ओमप्रकाश दास, साहेबदास, हरिश्चंद्र दास,पंकज दास। मंशाराम दास, राजेश्वर दास तथा अन्य संत–महन्त उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ