अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को नगर में भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात परंपरागत उल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाली गई।
15 फरवरी को शिव नाट्यकला मंडल के तत्वावधान में आयोजित 57 वें वार्षिकोत्सव के अंतर्गत शिव बारात निर्धारित समय पर रामलीला मैदान से प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः निर्धारित स्थल पर पहुंचकर शिव विवाह के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी, समिति के अध्यक्ष राज कुमार श्रीवास्तव सहित पदाधिकारियों ने भगवान शिव की आरती उतारी गई। तत्पश्चात शिव बारात की शुरुआत ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे के साथ हुई। शोभायात्रा में रथों के सवार भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शोभा यात्रा में विशेष रूप से बारह ज्योतिर्लिंग, नंदी की भव्य झांकी, मां दुर्गा महिषासुर मर्दन, राम दरबार, श्रवण कुमार और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग भर में “हर-हर महादेव” के जयघोष से नगर शिवमय हो गुंजायमान हो उठा। समिति अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। महामंत्री डॉ. तुलसीश दुबे ने शोभायात्रा को आस्था और संस्कृति के समागम का प्रतीक बताते हुए बताया कि दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन-पूजन किया। इस बार शोभायात्रा का 57वा वर्ष है। सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए गठित वॉकी-टॉकी टीम ने विशेष भूमिका निभाई, जिससे पूरी यात्रा अनुशासित ढंग से संपन्न हुई। शोभायात्रा राम लीला मैदान से शुरू होकर मेजर चौराहा, अंबेडकर तिराहा, वीर विनय से झारखंडी महादेव मंदिर में दर्शन उपरांत पुनः वीर विनय चौराहे से सराय फाटक, सब्जी मंडी, चौक, गर्ल्स कॉलेज से होते हुए देवी दयाल तिराहा, बड़े पुल, मेन चौक, मेजर चौराहा से होते हुए राम लीला मैदान में शिव विवाह के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
अक्षत शुक्ला ने शिव की भूमिका में अपना अभिनय प्रस्तुत किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने मंचीय समन्वय संभाला, वहीं सुनील कसेरा और अम्बरीष शुक्ला ने मार्ग व्यवस्था में योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान अम्बरीष शुक्ला, जय प्रकाश, पप्पू गुप्ता और अभय कसेरा ने झांकी संचालन व भीड़ प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान भानु प्रकाश, निशांत चौहान, वेद प्रकाश कारुष, अमित त्रिपाठी और ओम मोदनवाल सहित कार्यकर्ताओं ने विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। परंपरागत मार्ग से होते हुए निकली शिव बारात निर्धारित स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से शिव विवाह के साथ संपन्न हुई, जिसके साथ ही 57 वें वार्षिकोत्सव का भव्य समापन हुआ। नगरवासियों ने आयोजन की प्रशंसा की।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ