अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को विद्यार्थियों को आपदा के समय बचाव एवं सुरक्षित रहने की कला और कौशल सिखाने के उद्देश्य से एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य छात्रों में आपात परिस्थितियों के प्रति जागरूकता और तत्परता विकसित करना था।
8 मई को आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजते ही विद्यालय परिसर में मौजूद सभी छात्र छात्राओं और शिक्षक शिक्षिकाओं ने निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए शीघ्रता से खुले और सुरक्षित विशाल प्रेयर ग्राउंड की ओर प्रस्थान किया। विद्यार्थियों ने बिना घबराए अनुशासन और संयम का परिचय देते हुए निर्धारित समय से पहले सुरक्षित स्थल पर पहुंचकर अपनी तैयारी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्र छात्राओं को यह भी बताया कि किसी भी आपदा—जैसे भूकंप, आग या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से काम लेना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही, स्वयं को सुरक्षित रखते हुए दूसरों की सहायता कैसे की जाए, इस पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार करने में अत्यंत सहायक होती हैं ।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने छात्र छात्राओं और शिक्षक शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता और प्रशिक्षण ही आपदा के समय सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। प्राचार्य आसिम रूमी ने बताया कि इस ड्रिल के संदर्भ में एक दिन पूर्व विद्यालय के अध्यापकों को एक बैठक आहूत करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे और आवश्यक दायित्व भी बातए गए । इन दिशा निर्देशों के अंतर्गत विद्यालय को ब्लॉक ए ब्लॉक बी ब्लॉक सी , इमरजेंसी गेट, रिसेप्शन गेट, एवं म्यूजिक हॉल गेट को गेट नंबर 1,2,3,4,5 और 6 के अंतर्गत बांटा गया और बच्चों को भी यह दिशा निर्देश दिया गया कि वह किन-किन मार्गो से बाहर निकलेंगे। विद्यालय के प्रबंध समिति के निदेशक सुयश कुमार ने बताया कि प्रत्येक माह एक बार इस प्रकार की ड्रिल संपन्न की जाएगी ताकि निकट भविष्य में आपदा के समय बच्चों और अन्य सभी की पूर्ण सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके । इस ड्रिल के क्रियान्वयन में विद्यालय समन्वयकों रेखा ठाकुर, इंदू, आफक हुसैन व राजेश जायसवाल के साथ लाइक अंसारी, मनमोहन ओझा, विजॉय सेनापति, राजू, सोबोन, डी के दुबे, ऋचा अग्रवाल, रोशन मदीहा, अनुपमा सिंह व खुशी शर्मा सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने आवश्यक सहयोग किया।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ