डीएम के साथ ही अन्य अधिकारियों को भेजा पत्र
सत्येन्द्र खरे
कौशांबी : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर धन का गलत प्रयोग हो रहा है। इसको लेकर विधायक चायल ने मोर्चा खोल दिया है। जिलाधिकारी के साथ ही अन्य अधिकारियों को पत्र भेजा है।
चायल विधायक संजय गुप्ता ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि सीएमओ कार्यालय में तैनात वित्त एवं लेखा विभाग में भरी गड़बड़ी की गई है। यहां तैनात एक लिपिक ने पूर्व में वित्तीय अनियमितता की थी। जिसके बाद लिपिक का स्थानांतरण किया गया। इस दौरान सीएमओ के स्थानांतरण होने पर उसने अपना तबादला रुकवा लिया। लिपिक ने पद का दुरुपयोग करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के लाखों रुपये मन मर्जी से फर्जी बिल लगाकर खर्च कर दिया। बताया कि वर्ष 2015-16 में एनएचएम कार्यक्रम के तहत आरसीएच फ्लैक्सीपूल मद से वैट काटकर 315660 रुपये के सापेक्ष 1904163 रुपये का भुगतान कर दिया। इसको लेकर तत्कालीन सीएमओ की ओर से कार्रवाई के लिए पत्र भी लिखा, लेकिन उसको लेकर कोई कदम अब तक नहीं उठाया गया। विधायक ने पत्र में बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति के खाते से केवल सरकारी कार्यक्रम के लिए ही भुगतान किए जाने का प्रावधान है। इसके बाद भी लिपिक ने इस खाते से इनकम टैक्स विभाग को पेनाल्टी का भुगतान कर दिया। कहा कि 27 मार्च 2017 को किए गए इस भुगतान को लेकर अब तक अधिकारियों की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। विधायक ने डीएम से स्वास्थ्य विभाग में हो रही गड़बड़ी को लेकर जांच की कराने की बात कही।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ