खुर्शीद खान
सुलतानपुर ।पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अन्त्योदय की सोच को सार्थक बनाने में केन्द्र व प्रदेश सरकार ने ठोस पहल की है। गांव के गरीबों तथा किसानों के उन्नयन के लिये सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित की गयी है। यह उद्गार आज सुलतानपुर जनपद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अन्तर्गत पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी के शुभारम्भ अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक सुलतानपुर सूर्यभान सिंह ने व्यक्त किये। मुख्य अतिथि विधायक सुलतानपुर सूर्यभान सिंह ने जिलाधिकारी हरेन्द्रवीर सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी रामयज्ञ मिश्र के साथ अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी का फीता काटकर तथा समारोह का शुभारम्भ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर मार्ल्यापण व दीपप्रज्जवलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने सूचना विभाग द्वारा आयोजित सबका साथ सबका विकास से सम्बन्धित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के व्यक्तित्व व कृतित्व एवं वर्तमान सरकार की उपलब्धियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रदर्शनी के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस चित्र प्रदर्शनी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन से सम्बन्धित बहुत अच्छी झांकी प्रस्तुत की गयी है। इसी प्रकार उपलब्धियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी में वर्तमान सरकार की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। विधायक ने जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य , ग्राम्य विकास , पंचायतीराज, वन, उद्यान, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांग कल्याण, पशुपालन, बाल विकास, बेसिक शिक्षा, लघु सिचाई, गन्ना, श्रम विभाग, कृषि, कृषिरक्षा, मत्स्य पालन, खादी एवं ग्रामोद्योग, भूमि संरक्षण आदि विभागों के प्रदर्शनी स्टालों को देखा तथा सफल आयोजन की भूरि- भूरि सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर 20 प्रगतिशील किसानों को मिनीकिट का वितरण किया। समारोह को सम्बोधित करते हुये विधायक श्री सिंह ने कहा कि जनपद के सभी विकास खण्डों में तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया जा चुका है। आज इस जिला स्तरीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी को एक विशाल रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी में काफी संख्या में विद्यालय के बच्चों , किसानों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, ग्रामीण, प्रधानों तथा शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने देखा। उन्होंने कहा कि लोगों को योजनाओं की पूरी जानकारी न होने के कारण वे लाभ से वंचित रह जाते हैं। शासन के निर्देश पर सूचना विभाग द्वारा जिलाधिकारी के निर्देशन में इस प्रकार की प्रदर्शनियों का आयोजन कर एक सार्थक पहल की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी तथा वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों तथा सूचना विभाग के पंजीकृत कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आर्कषक एवं मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी हरेन्द्रवीर सिंह ने की। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिये उठाया गया यह कदम अत्यन्त ही सराहनीय है। इस प्रदर्शनी से लोगों को पंडित दीनदयाल जी के जीवन दर्शन के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान से सम्बन्धित कार्यक्रमों का जिला प्रशासन द्वारा बिना भेदभाव के शतप्रतिशत क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने एवं जागरूक करने की दिशा में अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी ब्लाकों में सफलता पूर्वक अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन सम्पन्न हो चुका है। आज यह जिला स्तरीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन है। यह प्रदर्शनी 23 सितम्बर तक चलेगी तथा प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री ,नजनपद प्रभारी मंत्री श्री जयप्रताप सिंह द्वारा 23 सितम्बर को समापन किया जायेगा। जिलाधिकारी ने विद्यालय के बच्चों तथा सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामयज्ञ मिश्र ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि उत्तम प्रकृति के लोग जिन्हें समाज का ढांचा तैयार करना होता है। वे कठिनाईयों तथा बाधाओं को पार करते हुये अपने लक्ष्य पर अडिग रहते हैं और उसे पूरा करके ही दिखाते हैं। ऐसे महान मनीषी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का व्यक्तित्व व कृतित्व था, जो कठिनाईयों के बावजूद भी अपने पथ से विचलित नहीं हुये। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय का आवाहन् किया कि उन्हें भावी पीढ़ी को तैयार करना है तथा उन्हें संस्कार देना है। यही बच्चे आगे चलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अग्रदूत होंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनायें गांव के गरीबों के विकास पर केन्द्रित है। उन्होंने कहा कि गांव के विकास से ही जिले , प्रदेश व देश का विकास सम्भव है। कार्यक्रम के संयोजक जिला सूचना अधिकारी आर.बी.सिंह ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी से सम्बन्धित पुस्तक तथा पुष्प भेंटकर स्वागत किया तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के व्यक्तित्व व कृतित्व तथा अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ