अखिलेश्वर तिवारी
जिले के चारों सीटों पर कब्जा करने की तैयारी
भाजपा की जनविरोधी नीतियों के बल पर नैया पार करने की कोशिश
25 अक्टूबर तक होंगे प्रत्याशियों के आवेदन
बलरामपुर । जनपद बलरामपुर के दो नगर पालिका तथा दो नगर पंचायतों के अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने की पूरी रणनीति समाजवादी पार्टी बना चुकी है । भाजपा की जनविरोधी नीतियों के सहारे कुर्सी पर काबिज होने की कोशिश सपा कर रही है । इसीलिए दोनों नगर पंचायतों तथा दोनों नगरपालिकाओं के सभी वार्डों पर सपा अपने प्रत्याशी उतारेगी । इससे पूर्व 2012 के चुनाव में एक नगर पालिका तथा दो नगर पंचायतों पर सपा का कबजा रहा है । उतरौला नगर पालिका में भाजपा काविज थी तो जिला मुख्यालय के नगर पालिका परिषद तथा तुलसीपुर व पचपेड़वा के नगर पंचायत पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी विजई हुए थे । हालांकि तुलसीपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष ने बाद में कांग्रेस का दामन थाम लिया था ।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष ओंकारनाथ पटेल ने बताया कि सपा आगामी नगर पालिका चुनाव में जिले की चारों सीटों पर विजय हासिल करेगी । जिले की जनता भारतीय जनता पार्टी सरकार के रवैए से ऊब चुकी है । भाजपा ने जो सब्जबाग दिखाए थे वह सब फेल हो चुके हैं ।धरातल पर केंद्र व प्रदेश की सरकार कोई कार्य नहीं कर पा रही है । केवल मुंगेरीलाल के सपने जैसा ख्वाब दिखाने की कोशिश कर रही है । जिले की जनता भाजपा के मंसूबों को पहचान चुकी है और इसका जवाब नगर निकाय के चुनाव में देगी ।उन्होंने कहा कि जिले की दोनों नगर पालिका बलरामपुर व उतरौला तथा दोनों नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा के अध्यक्ष पद के साथ साथ सभी वार्डों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी । उन्होंने यह भी बताया कि 25 अक्टूबर तक टिकट के लिए प्रत्याशियों को आवेदन करना है, उसके बाद प्रत्याशियों का चयन शुरू कर दिया जाएगा ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ