Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

दीपावली पर कुत्ते और कौवे को भी पूजते हैं नेपाली


विकास हाड़ा
तिहार के तौर पर मनाते हैं पाँच दिवसीय दीपावली

सिद्धार्थनगर:भारत से रोटी-बेटी का सम्बन्ध रखने वाले पड़ोसी देश नेपाल में पाँच दिवसीय दीपावली पर्व तिहार के नाम से मनाया जाता है।इस दौरान कुक्कुर पूजा, काग पूजा, गाय पूजा (लक्ष्मी पूजा), गोवर्धन पूजा तथा भाई पूजा (टीका) पर्व बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है और लोगों की ख़ुशी पूरे चरम पर होती है।
    मित्र राष्ट्र नेपाल की संस्कृति व त्योहार हमारे देश की संस्कृति व त्योहार से काफी हद तक मिलते-जुलते हैं। वहां दीपावली पर्व को तिहार नाम से पाँच दिनों तक मनाया जाता है। यह त्योहार हर वर्ष कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी से प्रारम्भ होकर कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तक मनाया जाता है। इसके अंतर्गत कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी अर्थात तिहार का पहला दिन काग तिहार के रूप में मनाया जाता है। इस दिन कौओं की विधिवत पूजा की जाती है तथा उन्हें खाने के सामान पेश किये जाते हैं, कौआ यमराज का अत्यंत प्रिय भक्त माना जाता है तथा इसे यमराज का संदेश वाहक अर्थात यमदूत के तौर पर भी देखा जाता हैं। यमपंचक के दूसरे दिन अर्थात कृष्ण चतुर्दशी के दिन कुक्कुर तिहार के रूप मनाया जाता है, इस दिन कुत्तों की पूजा की जाती है। इस दिन नरक चतुर्दशी भी होती है। कुत्ते को भी यमदूत माना जाता है। इसलिए उन्हें मनपसंद खाना खिलाकर व विधिवत पूजनकर माला पहनाया जाता है। तीसरे दिन अर्थात कार्तिक कृष्ण अमावस्या को गाई पूजा मनाई जाती है। हिन्दू धर्म में गाय को लक्ष्मी तथा गौमाता के रूप में पूजा जाता है, इसलिए इस दिन गायों की पूजा की जाती है।उन्हें पाँच तरह के रंग लगाये जाते हैं। इसी दिन लक्ष्मी पूजा (दीपावली) होती है, जिसमें माता लक्ष्मी की विधि विधान से पूजा-अर्चना की जाती है तथा उनसे धन-धान्य, समृद्धि व खुशहाली की कामना की जाती है।इस दौरान कुँवारी लड़कियां घर-घर जाकर भाइलो व दिउसो खेलती हैं। तिहार के चौथे दिन अर्थात कार्तिक शुक्ल द्वितीया को गोवर्धन पूजा तथा बैल पूजा की जाती है। इस दिन बैलों को विधि विधान से पूजते हैं। तिहार के अंतिम दिन भाई टीका पर्व मनाया जाता है, जिसमें बहनें, भाइयों के दीर्घायु की कामना यमराज से करती हैं तथा भाइयों के माथे पर पाँच रंगों का तिलक लगाती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे