Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

बलरामपुर:नामांकन में आचार संहिता की उड़ीं धज्जियां


अखिलेश्वर तिवारी
सैकड़ों गाड़ियों के काफिले से घंटों जाम रहा मार्ग,जिला मुख्यालय पर कई घंटे लोग हुए हलकान
बलरामपुर । जिले में आगामी 29 नवंबर को निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है । जिसके लिए नामांकन की प्रक्रिया इन दिनों चल रही है । नामांकन के छठवें दिन आज राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों द्वारा आदर्श आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई गई । नामांकन के लिए जाते समय सैकड़ों गाड़ियों के काफिले ने जिला मुख्यालय का आम जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया । घंटों ट्रैफिक जाम के चलते आम आदमी के साथ साथ स्कूली बच्चों को भी तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा । एंबुलेंस से लेकर स्कूल वाहन व रिकवरी वाहन घंटों जाम में फंसे रहे । मुख्यालय का अति महत्वपूर्ण व्यस्ततम वीर विनय चौराहे पर लगभग 3 घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा । आचार संहिता उल्लंघन के मामले में बसपा प्रत्याशी ने सबसे अधिक समस्या उत्पन्न की । लगभग डेढ़ सौ गाड़ियों के काफिले के साथ ढोल नगाड़ा बजाते हुए जुलूस निकाला गया जिसमें हजारों लोग सम्मिलित हुए जिसके चलते लगभग 2 घंटे पूरा रोड जाम रहा । बसपा की रैली जाने के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी का काफिला भी आ धमका उसमें भी दर्जनों चार पहिया तथा लगभग 50 से अधिक दो पहिया वाहन तथा सैकड़ों लोग शामिल थे । इसके वजह से लगभग 1 घंटे रास्ता जाम रहा । अंत में भारतीय जनता पार्टी का काफिला निकला जिसमे सांसद व विधायक भी सम्मिलित हुए । हालांकि भाजपा के काफिले में गाड़ियों की संख्या काफी कम रही है इसी वजह से भाजपा के काफिले के दौरान कोई खास जाम नहीं हुआ । आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र से पूछा गया तो उन्होंने कहा निकाय चुनाव को चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संपन्न कराया जाना है । जो भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करेगा उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी ।
               बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली ने बताया की उनके द्वारा आचार संहिता का कोई उल्लंघन नहीं किया गया है । उनके साथ गिने-चुने एक दर्जन गाड़ियां थी इसके अलावा तमाम सभासदों ने भी अपने समर्थकों के साथ जुलूस में भागीदारी की जिसके कारण भीड़ ज्यादा दिखाई देने लगी । उनके जुलूस में शामिल श्रावस्ती जिले के भिनगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक अशलम रायनी ने कहा कि नामांकन जुलूस में अक्सर संख्या ज्यादा हो जाती है और जिस के समर्थक अधिक होंगे वहां तो भीड़ ज्यादा होगी ही । पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की के सवाल पर उन्होंने कहा कि छोटा-मोटा धक्का-मुक्की तो बड़े कार्यक्रमों में चलता रहता है । समाजवादी पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष ओंकारनाथ पटेल ने कहा उनकी पार्टी चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का पालन कर रही है । उनके प्रत्याशी द्वारा आदर्श आचार संहिता का पूर्णतया पालन किया जा रहा है । वहीं भाजपा की ओर से महासचिव अजय वेसिंह पिंकू ने कहा हम सत्तारूढ़ दल के लोग हैं इसलिए हमारी जिम्मेदारी सबसे अधिक बन जाती है । हम लोग किसी भी दशा में आचार संहिता का उल्लंघन नहीं कर सकते ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे