लूट व दुष्कर्म की वारदातों से लोग खौफजदा, पुलिस गश्त ना असर
लालगंज / प्रतापगढ़। नगर पंचायत क्षेत्र मे जहां चुनाव प्रचार प्रसार अभियान की सरगर्मी देखी जा रही है। वहीं पुलिस गश्त के बावजूद लूट व चोरी की घटनाओं मे इजाफा होने के नाते लोगों मे भय का माहौल भी देखा जा रहा है। पिछले दो दिनों के भीतर कोतवाली क्षेत्र मे उदियापुर तथा सराय जगत के पास दो दो व्यापारियों से बदमाशों ने तमंचा सटाकर लूट की वारदात को सरेशाम अंजाम दिया। जबकि दोनों घटनायें हाईवे से जुड़ी हुई है। पुलिस ने लूट की इन दोनों घटनाओं का मुकदमा तो दर्ज कर लिया किंतु एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी। यह बात दीगर है कि नगर पंचायत चुनाव की आड़ मे पुलिस अन्य जगहों पर कमाई करने गये लोगों के साथ बुजुर्गो तक का नाम एसडीएम न्यायालय मे चुनाव शांतिभंग की आशंका मे पाबन्दी के लिये भेजने का कोरम तेजी से निभा रही है। रात्रि मे गांवो मे चोरी की घटनाएं पुलिस गश्त के बावजूद थमने का नाम नहीं ले रही है। इसके बाद भी पुलिस लोगों के लाइसेंसी शस्त्र चुनाव के नाम पर जमा कराने मे मशक्कत कर रही है। इधर चेयरमैन तथा सभासद पदो ंके उम्मीदवार भी दिन-रात समर्थकों सहित चुनाव प्रचार मे आ डटे है। किन्तु आपराधिक घटनाओं मे इजाफा होने से डरे लोग शाम होते ही अपने घरों मे दुबक जाया कर दिख रहे है। कोतवाली क्षेत्र मे बीती रविवार को किशोरी के साथ दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पीड़िता किशोरी शाम ढले सामान खरीदने दुकान पर गई थी कि आरोपी ने उसे जबरिया दबोच कर बगल के छप्पर मे दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ अपराधियों द्वारा दुष्कर्म तथा लूट की दनादन हो रही वारदातों से बेफिक्र हो लालगंज कोतवाली पुलिस चैक पर पिकेट के नाम पर माल भाड़े को लेकर गुजरने वाले वाहनों से सिर्फ अवैध वसूली मे मस्त है। जबकि इंदिरा चैक पर दिन भर का जाम लोगों को अलग से कठिनाइयों के बीच सिरदर्द दे गया है। इस बाबत जिले के अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बसंत लाल का कहना है कि कोतवाली क्षेत्र मे घटनाओं को लेकर कार्रवाई के लिये पुलिस को सख्त निर्देश दिये गये है। जाम और घटनाओं को काबू पाने मे कोतवाली पुलिस ने लापरवाही बरती तो जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिये एसपी को रिर्पोट भेजी जायेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ