हजरत मौलाना अतीक की मजार पर हुई चादरपोशी
लालगंज प्रतापगढ़। इलाके के खानापटटी के मदरसा दारूल उलूम बाबुन्नवी मे बुधवार के दिन इक्यानवां जश्ने ईद मिलादुन्नबी सल्लल्लाहो अलैह वसल्लम की शुरूआत हुई। चार रोजा जलसे मे हजरत मौलाना मोहम्मद रहमानी मियां साहब की कयादत मे जश्ने ईद के खुशनुमा मौके पर इलाके के तमाम मौलाना व मौलवी जमा हुये। वहीं मुल्क ए शानो शौकत की हिफाजत की दुआ मे हिन्दू मुसलमान की जमात ने सूफी हजरत मौलाना अतीक अहमद की मजारे पाक पर चादरपोशी की। उर्से अतीकी मे जुटे जायरीन के साथ लोगों ने पाक मजार पर चादर शरीफ के साथ मजार पर कुल शरीफ की रस्म अदा की। जलसे की शुरूआत मे गंगा जमुनी तहजीब की हिफाजत व भाईचारे की मजबूती के पैगाम पर खासा जोर दिया गया नजर आया। शुरूआत मे मजार पर दुआ और इबादत के दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी एवं इलाकाई विधायक आराधना मिश्रा मोना की ओर से मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने एक साथ अतीक साहब की मजार पर चादरपोशी करते हुये मौलाना अतीक को इलाके के गरीब लोगों की भलाई के लिये नेक बन्दा ठहराया। जलसे मे बोलते हुये हजरत मौलाना रहमानी मियां ने कहा कि सूफी अतीक अहमद ने गरीब असहाय व यतीम बच्चों की तालीम और पालन पोषण का बंदोबस्त कर इलाके के लिये एक नेक मिसाल पेश की। चार रोजा उर्से अतीकी मे शामिल होने के लिये मुम्बई, हैदराबाद, लखनऊ, इलाहाबाद समेत कई हिस्सों से नामवर आलिम व जायरीन भी जमा नजर आये। इस मौके पर मतलूफ अहमद खां, मो0 खालिद, रजा साहब, इम्तियाज खां, जियावल, आसिफ खां, अब्दुल लतीफ, डा. अनीस खां, नियाज अहमद, दानिश, जर्रार अहमद, बेलाल रहमानी आदि रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ