चेयरमैन के छः टेबल व सभासद के तीन टेबल पर होगी गिनती
लालगंज प्रतापगढ़। शुक्रवार को पहली टाउन एरिया लालगंज की सरकार गठित होने को लेकर मतगणना प्रबन्धों को मंगलवार से प्रशासन अंतिम रूप देने मे मशक्कत करता नजर आया। तहसील मुख्यालय पर होने वाली मतगणना सभागार मे प्रातः आठ बजे से शुरू होगी। कड़ी सुरक्षा घेरे के दायरे मे तहसील मेब ने स्ट्रांग रूम के ठीक बगल सभागार मे चेयरमैन तथा सभासदों की मतगणना करायी जायेगी। इसके तहत छः टेबल पर चेयरमैन प्रत्याशियों व तीन टेबलों पर सोलह वार्ड के सभासद प्रत्याशियों के भाग्य की गिनती करायी जायेगी। तहसील प्रशासन ने सभागार के अंदर भी बैरीकेटिंग कर मतगणना अभिकर्ताओं को कड़ी सुरक्षा घेरे मे गिनती देखने के प्रबन्ध किये है। वही सभागार मे प्रवेश के लिये एक द्वार के अतिरिक्त पूरे तहसील परिसर को नो जोन इन्ट्री के तहत बाहरी लोगों के प्रवेश पर कड़ा प्रतिबन्ध भी नजर आयेगा। एसडीएम कोमल यादव ने बताया कि मतगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति को बगैर पास तहसील परिसर मे प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी। मतगणना अभिकर्ताओं मे यदि कोई भी आपराधिक प्रवृत्ति का पाया गया तो उसे मतगणना स्थल से जेल भेज दिया जायेगा। इस बीच मंगलवार को प्रत्याशियों द्वारा अपने मतगणना अभिकर्ताओं की सूची भी सौपें जाने का सिलसिला एसडीएम कार्यालय मे जारी देखा गया। कांग्रेस व भाजपा तथा बसपा ने आयोग की मंशानुसार अपने अभिकर्ताओं को व्यवस्था दिये जाने की एसडीएम से मांग की है। वहीं कुछ प्रत्याशियों ने नगर पंचायत क्षेत्र के बाहर के निवासियों को मतगणना अभिकर्ता न बनाये जाने को लेकर अपनी मंाग रखी। इस बाबत तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के निवासी ही मतगणना अभिकर्ता के पात्र होगें। दूसरी ओर मंगलवार को भी प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा अपने अपने शिविर मे जीत और हार को लेकर गुणा भाग का दौर सरगर्मी मे दिखा। इधर कोतवाल तुषार दत्त त्यागी के अनुसार शुक्रवार को होने वाली मतगणना को लेकर उपद्रवी तत्वों पर पुलिस कड़ी निगरानी रख रही है। मतगणना के दौरान कोई भी व्यक्ति असलहा का प्रदर्शन नहीं कर सकेगा और चुनाव परिणामों के बाद किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकाल सकेगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ