प्रशासनिक टीम ने लिया बूथों का जायजा, हर कीमत पर निष्पक्ष चुनाव को लेकर मुस्तैदी
लालगंज प्रतापगढ़। नगर पंचायत के पहले चुनाव को लेकर लालगंज क्षेत्र के मतदाता आज पहले चेयरमैन के साथ सोलह वार्डो के सभासदों के भाग्य का फैसला लिखेगें। पहली बार बनी टाउन एरिया मे मतदान को लेकर पूर्व संध्या से ही मतदाताओं मे खासा उत्साह भी देखने को मिल रहा है। जहां मंगलवार को प्रत्याशियों ने अपने समर्थन मे जनादेश को बटोरने के लिये घर-घर दस्तक देने मे पसीना बहाते रहे। वहीं मतदान की पूर्व संध्या से बूथों पर बस्ता भेजने का भी सिलसिला सरगर्म दिखा। इधर प्रशासनिक क्षेत्र मे भी पहली टाउन एरिया के चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिये खासी मुस्तैदी मे देखा गया। एसडीएम कोमल यादव तथा सीओ रमाकांत यादव ने संयुक्त रूप से बूथों पर सुरक्षा के साथ मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम कोमल ने साफ तौर पर कहा है कि मतदान निष्पक्षता की कसौटी पर खरे उतरेगें व कहीं से भी प्रशासनिक क्षेत्र की मुस्तैदी मे पत्ता भी नहीं खड़क सकेगा। तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय, नायब तहसीलदार सुशील कुमार, व कोतवाल तुषार दत्त त्यागी ने भी भारी फोर्स के साथ अतिसंवेदनशील बूथों का भ्रमण किया। सीओ रमाकांत यादव के मुताबिक बुधवार को मतदान के दिन लालगंज टाउन एरिया क्षेत्र की सीमायें सील रहेगीं। उन्होनें बताया कि मतदान केंद्रो पर पुलिस व पीएसी के साथ जरूरी सुरक्षा बल की कड़ी निगरानी होगी। इधर एएसपी पश्चिमी बसंतलाल ने भी देर शाम टाउन एरिया के चुनाव प्रबन्धों मे सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। एएसपी ने पुलिस बल को अराजकतत्वों से निपटने के लिये हर जरूरी कड़ी कार्रवाई बेहिचक अंजाम देने की बात कही। फिलहाल पहली टाउन एरिया के चुनाव को लेकर लालगंज क्षेत्र मे सियासी तापमान बढ़ने के साथ मतदाताओं का भी उत्साह चरम पर देखा जा रहा है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ