कुश्ती ने प्राचीनतम धरोहर के रूप मे पूरी दुनिया मे बढ़ा रखा है भारत का मान:प्रमोद
लालगंज प्रतापगढ़। अठेहा क्षेत्र के सेमरा गांव मे मंगलवार को पूर्व प्रधान अमीर अहमद मेमोरियल अंर्तराज्यीय दंगल प्रतियोगिता मे नामी गिरामी पहलवानों ने रोमांचक कुश्ती का प्रदर्शन किया। फाइनल का खिताब कांटे भरे मुकाबले मे हरियाणा के अशोक पहलवान ने पंजाब के मंजीत पहलवान को पटखनी देते हुये हासिल किया। अशोक पहलवान को राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप मे आयोजन समिति की ओर से इक्कीस हजार की घोषित कुश्ती का इनाम प्रदान किया। समारोह को संबोधित करते हुये सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीनतम विश्व धरोहर है। उन्होनें कहा कि पहलवानी के क्षेत्र मे इस देश के सपूतों ने पूरी दुनिया मे तिरंगे का नाम रोशन किया है। उन्होनें कहा कि कुश्ती को बढ़ावा देने के लिये वह हर संभव मदद जारी रखेगें। इसके पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने विभिन्न कुश्ती के प्रतिभागियों का परिचय प्राप्त करते हुये अखाड़े के लिये एक दूसरे का हाथ मिलवाया। दंगल प्रतियोगिता मे हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, के पहलवानों के अलावा क्षेत्रीय एंव जिले के साथ पड़ोसी अमेठी, सुल्तानपुर, रायबरेली, इलाहाबाद वाराणसी व जौनपुर आदि जिले के पहलवानों ने हजारों दर्शकों को अपनी रोमांचक कुश्ती कला से रूबरू कराया। आयोजन समिति की ओर से आयोजक अनवारूल ने सांसद प्रमोद तिवारी को सारस्वत सम्मान से नवाजा। अनवारूल ने दंगल मे आये हुये पहलवानों का परम्परागत स्वागत भी किया। इस मौके पर मुन्ना अली, सरवर खान, सिद्दीक अहमद, मोईन खान, सुनील मिश्रा आदि रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ