अखिलेश्वर तिवारी
निकाली गई यातायात जागरूकता रैली
बलरामपुर । जिले की यातायात पुलिस द्वारा 1 नवंबर से यातायात माह मनाया जा रहा है । 1 नवंबर से शुरू हुई यातायात माह के दौरान यातायात पुलिस लगातार रैली व गोष्ठियों के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरुक करने का प्रयास कर रही है । आज बलरामपुर चीनी मिल से बाल आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा रामकृष्ण परमहंस विद्यालय के बच्चों द्वारा यातायात जागरूकता रैली निकाली गई । जागरूकता रैली को पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, बीसीएम के अधिशासी अध्यक्ष नरेश कुमार खेतान व प्रधान प्रबंधक विधि एवं कार्मिक राजीव अग्रवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया ।
मिली जानकारी के अनुसार रैली प्रारंभ होने से पूर्व पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार विद्यालय के बच्चों को तथा वहां उपस्थित लोगों को संबोधित किया । अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करने से आप स्वयं के साथ-साथ दूसरों की भी जान बचा सकते हैं । नियमों के पालन से दुर्घटनाएं कम होंगी और आप सुरक्षित अपने घरों तक पहुंचेंगे साथ ही दूसरों के घर तक पहुंचने में सहायक होंगे । आपकी एक गलती आपके साथ साथ कई लोगों की जान को जोखिम में डाल सकती है । बलरामपुर चीनी मिल समूह के अध्यक्ष एनके खेतान ने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा चलाई जा रही मुहिम सराहनीय है हम सभी को यातायात के नियमों का पालन करके खुद को तथा सामने वाले को सुरक्षित रखना है । जागरूकता रैली बलरामपुर चीनी मिल गेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर भगवती गंज नगर के मुख्य मार्गो से होती हुई वापस गेस्ट हाउस में समाप्त हुई । बच्चों के हाथ में यातायात नियमों से संबंधित तख्तियां थी तथा नारे लगाकर बच्चे लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे थे । मिल प्रबंधन द्वारा विद्यालय के बच्चों को फल वितरित किया गया । कार्यक्रम के दौरान श्रम कल्याण अधिकारी एसपी सिंह, मुख्य सुरक्षा अधिकारी चेतराम सिंह, हवलदार मुकेश सिंह व सचिन वर्मा सहित तमाम सुरक्षाकर्मी विद्यालय के स्टाफ बच्चे तथा गणमान्य लोग मौजूद थे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ