राकेश गिरी
बस्ती। डीआईजी राकेश चन्द्र साहू ने गोद लिये विद्यालय बस्ती सदर विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय डम्मरजोत में बुधवार को विद्यालय के छात्रों में स्वेटर का वितरण किया।
छात्रों का हौसला बढाते हुये डीआईजी राकेश चन्द्र ने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों ने जिस प्रकार से व्यक्तिगत स्तर पर छात्रों में स्वेटर वितरित करने का निर्णय लिया यह उनकी संवेदनशीलता और गुरूता को और महत्वपूर्ण बना देती है। उन्होने छात्रों से सीधा संवाद बनाते हुये विद्यालय को सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह ने विद्यालय के शैक्षणिक परिवेश की सराहना करते हुये कहा कि गुरू और शिष्य का निकट का सम्बन्ध होता है। कडाके की ठंड में जो अभिभावक अपने पाल्यों को स्वेटर तक देने में असमर्थ है ऐसे छात्रों को शिक्षकों के प्रयास से स्वेटर उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। खण्ड शिक्षा अधिकारी इन्द्रजीत कुमार ओझा ने कहा कि बेहतर शिक्षा के कारण ही विद्यालय अभिभावक का विश्वास जीत रहा है।
इस अवसर पर शालू, बबिता, सौम्या आदि ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत प्रस्तुत किया, इसके साथ ही शिक्षकों और छात्रों ने अतिथियांे को बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। छात्रों को जब स्वेटर मिला तो उनके चेहरों पर गजब का उत्साह था।
प्रधानाध्यापक साधना गुप्ता ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुये उन्हें विद्यालय के आवश्यकताओं से भी परिचित कराया। बताया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। यदि इन्वर्टर और छात्रों को बैठने के लिये बेंच की व्यवस्था हो जाय तो स्थितियों को और बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में सीमा कुमारी, गीतांजलि, कंचन पाण्डेय, धर्मेन्द्र कुमार, सोमनाथ, अनुराग श्रीवास्तव, अवनीश त्रिपाठी, ग्राम प्रधान छोटेलाल चौधरी के साथ ही अनेक शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ