सुनील गिरी
हापुड़ । मौसम रंग दिखा रहा है। सुबह, शाम और रात को ठंड से आफत बढ़ रही है तो दिन में निकल रही धूप राहत दे रही है। बुधवार को भी शहर में ऐसा ही मौसम बना रहा। न्यूनतम तापमान गिरकर चार डिग्री से. पर पहुंच गया। राहत देने वाली बात है कि चार-पांच दिन कोहरे से छुटकारा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद सात से आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। इससे कोहरा नहीं हो रहा और दिन में धूप निकल रही है। इस स्थिति में चार से पांच दिन तक बदलाव नहीं होगा। पिछले तीन-चार दिनों से दिन में निकल रही धूप सर्दी से परेशान लोगों को राहत दे रही है। मंगलवार-बुधवार की रात तापमान में गिरावट आने से गलन रही। सुबह भी ऐसी स्थिति रही। सुबह 8 बजे से धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि हुई, जिससे सर्दी से राहत मिली। हालांकि, ठंडी हवा चलना जारी रहा। शाम को तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ गई। न्यूनतम तापमान मंगलवार को 4.0 डिग्री से. रहा जो सोमवार को 4.1 डिग्री से. से थोड़ा कम था। यह सामान्य तापमान से तीन डिग्री से. कम था। अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री से. दर्ज किया गया जो सोमवार के 21.1 डिग्री से. से थोड़ा सा कम था। यह सामान्य तापमान से एक डिग्री से. कम था। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह हल्की धुंध रहेगी। दोपहर में धूप निकलेगी। तापमान में अधिक उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ