अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद के लगभग सभी हिस्सों में आज महाशिवरात्रि पर्व बड़े ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्वक मनाया गया । प्रातः काल से ही विभिन्न शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा । महिला पुरुष बूढ़े बच्चे सभी लोगों ने हर हर महादेव के नारे के साथ भगवान सदा शिव का जलाभिषेक किया । जिला मुख्यालय सहित सभी स्थानों पर स्थित शिव मंदिरों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे ।
![]() |
| शिव मंदिरों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब |
जानकारी के अनुसार आज ही के दिन भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था । आदि काल से ही भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए सबसे आसान तरीका जलाभिषेक का अपनाया जा रहा है । आज भी महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर शिव मंदिरों पर भोर सुबह से ही श्रद्धालु पहुंच रहे थे और भोलेनाथ का जलाभिषेक करते रहे, यह क्रम लगभग पूरा दिन व देर रात तक जारी रहा । चूंकि महाशिवरात्रि का मुख्य पूजा रात्रि बेला में होता है इसी कारण से शिव मंदिरों पर देर रात तक जलाभिषेक व पूजन-अर्चन का कार्य चलेगा ।
जिला मुख्यालय के झारखंडेश्वर महादेव, झारखंडी बाबा, रेणुका नाथ महादेव, प्रकाशेश्वर नाथ महादेव, पोखरण नाथ महादेव, गुप्तेश्वर नाथ महादेव, जंगलेश्वर नाथ महादेव, के अलावा बलरामपुर चीनी मिल परिसर तथा केमिकल डिवीज़न मिल परिसर में स्थित शिव मंदिरों पर पूरे दिन जलाभिषेक व पूजन अर्चन का क्रम चलता रहा । चीनी मिल एवं केमिकल डिवीजन में स्थित शिव मंदिर पर अखंड रामायण पाठ व भगवान शिव तथा बजरंगबली के नामों का पाठ भी कराया जा रहा है । तुलसीपुर संवाद सूत्र के अनुसार तुलसीपुर क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों पर भारी भीड़ देखने को मिली । पचपेड़वा, गैसड़ी, शिवपुरा, ललिया, विशेषकर मथुरा बाजार में स्थित प्राचीन गौरी शंकर महादेव मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान सदा शिव का जलाभिषेक किया । उतरौला में नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर भारी भीड़ जुटी और सुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला देर रात तक चलता रहा । श्रीदत्तगंज महदेइया, गौरा चौकी, रेहरा बाजार, सादुल्लाह नगर व गंडास बुजुर्ग सहित सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों पर पूरे दिन जलाभिषेक किए जाने की सूचना है । सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे । कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है । जिला अधिकारी राकेश कुमार मिश्र, अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल, पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी ओमप्रकाश सिंह तथा सीओ सदर मनोज कुमार यादव ने जनपद वासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामना देते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की अपील की है ।
![]() |
| जलाभिषेक के लिए कतार में लगे श्रद्वालु |




एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ