सुनील उपाध्याय
बस्ती :सोनहा थानान्तर्गत एक गांव में बारात लेकर आए दूल्हे को उस समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जब द्वारपूजा के समय घरातियों और बारातियों विवाद हो गया। द्वारचार के समय नाई को कम नेग मिला तो उसने लड़की वालों को यह जानकारी दे दी कि दूल्हे की दूसरी शादी हो रही है। इस बात को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। बवाल होता देख बाराती भाग गए। सजे मंडप में दुल्हन की शादी परिजनों ने आपसी सहमति से रिस्तेदारी के एक युवक से कर दिया।
सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चनईपुर से बारात आई थी। लड़की पक्ष ने बारातियों का स्वागत सत्कार कर जलपान कराया। डीजे की धुन पर नाचते-गाते बाराती भी लड़की के दरवाजे पर पहुंच गए और द्वारपूजा की रश्म होने लगी। द्वारपूजा के दौरान पंडित व नाई को लड़की के पिता ने नेग दिया। कम नेग होने की बात पर दूल्हे की तरफ से आया नाई नाराज हो गया। ताना मारते हुए उसने कहा कि इस दूल्हे की पहली शादी में भी हमें कुछ नहीं मिला था और अब इस शादी में भी कुछ नहीं मिल रहा है।
फिर क्या था, यह सुनते ही लड़की पक्ष के नाई के कान खड़े हो गए। इसकी जानकारी दुल्हन के पिता को दी। दुल्हन के परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं थी। मामला खुला तो घराती-बाराती में बवाल होने लगा। मामला मारपीट तक पहुंच गया तो किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। सोनहा थाने के असनहरा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात देख बाराती भी एक-एक कर गायब हो गए। पुलिस ने दूल्हा और उसके भाई को हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि काफी देर तक दोनों पक्षों में हुई पंचायत के बाद समझौता हो गया। दूसरी तरफ लड़की के परिजनों ने उसी मंडप के नीचे रिस्तेदारी के एक युवक से बेटी का विवाह कर दिया।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ