सुनील उपाध्याय
बस्ती । शुगर मिल बचाओ संघर्ष समिति द्वारा मंगलवार को विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर मण्डलायुक्त कार्यालय के समक्ष बस्ती चीनी मिल घोटाला, श्रमिकों की देनदारी आदि के सवालों को लेकर रमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में धरना देकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित 18 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
कृषि बचाओ, किसान बचाओ अभियान के मण्डल प्रवक्ता श्याम मनोहर जायसवाल ने धरने को सम्बोधित करते हुये कहा कि देश में वित्तीय पूंजी की तानाशाही चल रही है। कारपोरेट घराने कृषि और उद्योगों को बरबाद करने पर उतारू हैं, देश की सम्पत्ति और संसाधनों को बेखौफ लूटा जा रहा है। बस्ती चीनी मिल की बंदी इसी लूट का परिणाम है।
इण्टक अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने कहा कि बस्ती चीनी मिल घोटाले से सम्बंधित संघर्ष के 8 वर्ष पूरा होने वाले हैं किन्तु घोटालेबाजों का बाल भी बांका नहीं हुआ। जनता की गाढी कमाई को लूटने वाले कारपोरेट घराने, प्रशासनिक तंत्र और सरकारों को प्रभावित कर अपराधों पर पर्दा डाल रहे हैं। ऐसे हालात में जन आन्दोलन ही एक मात्र रास्ता है जो देश की मेहनतकश जनता को लुटेरी कारपोरेट ताकतों से मुक्त करायेगा।
मुख्यमंत्री को भेजे 18 सूत्रीय ज्ञापन में बस्ती शुगर मिल आन्दोलन से सम्बंधित विस्तृत विवरण के साथ ही समस्या के निस्तारण की मांग किया गया है।
सभा को इन्टक प्रवक्ता परमात्मा श्रीवास्तव के साथ ही रामकमल वर्मा, रामवृक्ष यादव, कृष्ण कुमार मिश्र आदि ने सम्बोधित किया। तिलक प्रसाद चौधरी, अरविन्द मिश्रा, बच्चन तुलसीराम, पंकज, अतरे आलम, अनिल यादव, ओरीलाल के साथ ही विभिन्न जन संगठनों के लोग उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ