स्वतंत्र कवि मण्डल के बैनरतले बही काव्य रसधार, स्वतंत्र सौरभ काव्य संध्या का विधायक ने किया विमोचन
लालगंज प्रतापगढ़। सांगीपुर स्थित राजकीय महाविद्यालय के प्रागंण मे रविवार को स्वतंत्र कवि मण्डल के बैनरतले साहित्य की बही रसधार ने राष्ट्रीयता को झकझोर कर रख दिया। वहीं कार्यक्रम मे स्वतंत्र सौरभ काव्य संग्रह का भव्य विमोचन भी किया गया। प्रख्यात कवि डा. शक्तिधर नाथ पाण्डेय की वाणी वंदना से कवि सम्मेलन को ओज की दिशा मिली। ओमप्रकाश पाण्डेय गुडडू के नवगीतोें ने युवा मन की तरूणायी को झंकृत कर दिया। मुम्बई से पधारे ओमप्रकाश तिवारी ने शहादत को नमन करते हुये सज रही है शोक धुन आया किसी का लाल होगा व बिजलियां उर मे तड़पती नयन से बहती है गंगा, वीर को खुद मे लपेटे शिसकता होगा तिरंगा जैसी वीर रस की प्रस्तुतियों से वतन परस्ती को ऊँचाईयां प्रदान की। वहीं गुरूवचन सिंह बाघ तथा केसरी नंदन शुक्ल आदि कवियों की भी रचनाओं ने कवि सम्मेलन को चार चांद लगाया। इसके बाद कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना ने काव्य संग्रह स्वतंत्र सौरभ का समारोह पूर्वक विमोचन किया। विधायक मोना ने पत्रकारिता के क्षेत्र मे उल्लेखनीय योगदान के लिये ओम प्रकाश तिवारी तथा जगदीश जोशी एवं शिक्षा के क्षेत्र मे पूर्व प्राचार्य डा0 रामलखन सिंह व सुनील गुप्ता को शाल एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विधायक मोना ने कहा कि साहित्य से हमारी सांस्कृतिक चेतना को सदैव दिशा मिला करती है। सामाजिक विसंगतियों को दूर किये जाने मे साहित्य व लेखन का इतिहास स्वर्णाक्षरों मे अंकित चला आ रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता यज्ञ नारायण सिंह अज्ञेय तथा संचालन अर्जुन सिंह ने किया। आभार प्रदर्शन वरिष्ठ साहित्यकार परशुराम उपाध्याय सुमन ने किया। इस मौके पर राकेश सिंह, ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह, हिंदी मित्र संघ के संयोजक ज्ञान प्रकाश शुक्ल, श्रीनारायण तिवारी, चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, डा0 निरंकार सिंह, प्रधान महेन्द्र सिंह, रामबोध शुक्ल, भगवती प्रसाद तिवारी, आशीष उपाध्याय, प्रवीण शुक्ल आदि रहे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ