गोंडा। मंगलवार को दिलीप पुरवा गांव में पशु मेले का आयोजन किया गया। सांसद प्रतिनिध व पूर्व प्रमुख ने मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पशुपालकों को मुफ्त दवाइयां बांटी गईं।
मनकापुर ब्लाक क्षेत्र के दिलीप पुरवा गांव प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में मंगलवार को विकास खण्ड स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथ गोंडा सांसद के प्रतिनिध हरीश पांडेय व विशिष्ट अतिथ पूर्व ब्लाक प्रमुख यूपी सिंह ने फीता काट कर किया। इससे पूर्व अतिथियों को यजमान हरिदत्त शास्त्री द्वारा मंत्रोच्चारण के माध्यम से गौ माता का विधि पूर्वक पूजन कराया गया और गौमाता के माथे पर तिलक लगाने के बाद फल व मीठा खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने अपने संबोधन में पशुपालकों को बताया कि कृषि और पशुपालन एक दूसरे के पूरक हैं। पशुपालन से किसानों को प्रतिदिन कैशक्राफ्ट की भांति पैसा मिलता है। जबकि फसल लगाने के बाद तीन माह, छः माह व एक साल इंतजार करने के बाद ही किसानों के जेब मे पैसा आता है। पशुपालन कृषि से जुड़ा हुआ रोजगार है रामिटैरियल के लिए कहीं अलग भाग दौड़ नही करनी पड़ती है। घास, भूसा, बरसीन, चरी, चोकर आदि चीजों को पशुओं को खिला कर किसान दुधारू गाय, भैंस से अधिक मात्रा में दूध पैदा कर बाजार व डेरी पर अच्छे मूल्य पर बिक्री कर सकते हैं। पशुओं के मलमूत्र से खाद बनता है जो अच्छी फसल उगाने में सहायक होता है।
पशु चिकित्सक विद्या राम वर्मा ने पशुपालकों को पशुओं के रख रखाव व अधिक मात्रा में दूध पैदा करने के बारे में बताया तथा पशुओं को होने वाली बीमारियों के बारे में भी जानकारी दी जिसमे खुरपका,मुंहपका बीमारी के लक्षण बताए जैसे कि यह छुआ छूत, तेज बुखार का आना, मुह में छाले, खुर में घाव होने के बाद कीड़े पड़ जाना। चिकित्सक ने बताया कि समय समय पर पशु का टीकाकरण ही बचाव है। मेले में पशुओं की सेहत व अधिक दूध के लिए विटामिन पाउडर, विटामिन मिनरल मिक्चर आदि सरकारी दवाएं निःशुल्क बांटी गई। कार्यक्रम का संचालन एसके वर्मा ने किया। इस मौके पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी परम हंस राय, पशु चिकित्सक पंकज सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार सिंह, रविन्द्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिंह, उमेश कुमार शर्मा, पशुपालक अनिल सिंह, रामप्रताप सिंह, भुनेशर गुप्ता, दान बहादुर, राजेश, राज बहादुर सिंह, रामेश्वर गुप्ता,किशोरी लाल वर्मा, रामदीन यादव, श्रीराम सिंह आदि लोग मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ