वेलकम बिटिया "अभियान का क्लब ने किया शुभारम्भ
शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़ । अगर आपके घर बेटी जन्म ले तो मायूस न हों, उसके जन्म की खुशियां धूमधाम से मनाई जाएंगीं। यह काम करेगा एलायंस क्लब इंटरनेशनल, इसकी महिला शाखा की टीम घर ढोल-ताशा व मिठाई के साथ पहुंचेगी। एलायंस क्लब की चिलबिला में हुई बैठक में डिस्टि्रक्ट गवर्नर रोशन लाल ऊमरवैश्य ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बेटी लक्ष्मी का रूप होती है, यह कहने से नहीं करके दिखाने से बात बनेगी। प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मिशन से प्रेरित होकर क्लब ने "वेलकम बिटिया "नामक यह अभियान चलाने का संकल्प लिया है। किसी के भी घर बेटी का जन्म होने की जानकारी मिलने पर एलायंस क्लब की टीम उसके घर पहुंचेगी। ढोल, ताशा, नगाड़े बजाकर जश्न मनाएंगे। उनके परिवार के साथ मुंह मीठा किया जाएगा। वेलकम बिटिया अभियान सभी जाति, मजहबों के परिवारों के लिए है। इसमें मजहब का बंधन नहीं होगा। साथ ही जन्म लेने वाली बेटी को वेलकम बिटिया लॉकेट भी पहनाया जाएगा, ताकि क्लब का कार्य औरों को प्रेरणा देता रहे और बेटी को हमेशा सम्मान मिले। बैठक में पूनम गुप्ता, रेखा ऊमरवैश्य,आदि ने भी विचार रखे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ