अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।जनपद बलरामपुर के नवागत जिला अधिकारी कृष्णा करुणेश ने आज पदभार ग्रहण कर लिया है । पदभार ग्रहण करने के बाद जिला अधिकारी श्री करुणेश ने तमाम जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ औपचारिक भेंट की तथा उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए । जिला अधिकारी कृष्णा करुणेश 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पूर्व वह हापुड़ जनपद के जिला अधिकारी के पद पर तैनात थे । हालांकि उनकी तैनाती बलरामपुर जिले के लिए 1 सप्ताह पूर्व भी हो गई थी परंतु उन्होंने सोमवार को अपना पदभार ग्रहण किया । जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को अस्पष्ट निर्देश दिया की सभी अधिकारी जनता की शिकायतों को सुनें और उसका निस्तारण भी समय से करें । उन्होंने सभी अधिकारियों से समय से कार्यालय पहुंचने को कहा । उन्होंने तीनों तहसीलों के एसडीएम को निर्देश दिया कि वह रोस्टर बनाकर लेखपाल तथा सिकरेटरी की उपस्थिति गांव में सुनिश्चित कराएं जिससे गांव के शिकायतों का निस्तारण उसी स्तर से हो सके । उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कोई भी फाइल अनावश्यक रुप से विभागों में न रोका जाए । विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए । जिलाधिकारी के परिचय बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी फूलचंद्र जयसवाल, अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला एवं न्यायिक रामानुज सिंह, सीएमओ डॉक्टर घनश्याम सिंह, परियोजना निदेशक जनार्दन सिंह, डीएसटीओ ओंकार सिंह, जिला विकास अधिकारी शिवकुमार, डीडी एग्रीकल्चर डॉ रामबचन राम, जिला कृषि अधिकारी डीपीआरओ एसपी सिंह व सभी उपजिलाधिकारी सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे ।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ