लालगंज प्रतापगढ़। सर्किल क्षेत्र मे लम्बित विवेचनाओं को लेकर गुरूवार की देर रात तक सीओ का दरोगाओं पर पारा गर्म रहा। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम के निर्धारित अपराध समीक्षा बैठक के तहत सीओ ओपी द्विवेदी ने सर्किल के चारों थानो के दरोगाओं की लंबित विवेचनाओं को लेकर जमकर क्लास लगाई। सीओ ने थानेदारों को आगाह किया कि यदि किसी भी विवेचक के पास अब एक वर्ष अथवा इससे अधिक की विवेचना लंबित पाई गयी तो उसके खिलाफ प्रारम्भिक जांच शुरू करते हुये एसपी की ओर से प्रतिकूल प्रवृष्टि दी जायेगी। महिला अपराधों से जुड़े मुकदमों को सीओ ने समयबद्ध निस्तारण के साथ गुणवत्ता पर जोर दिया। लालगंज कोतवाली मे हालांकि सीओ को सर्वाधिक 176 विवेचनाएं लम्बित मिली। किंतु पिछले समीक्षा के बाद से छप्पन विवेचनाओं के निस्तारण को लेकर सीओ ने संतोष जताया। समीक्षा मे मुकदमों के निस्तारण मे सांगीपुर थाना फिसडडी पाया गया। लापरवाही एवं सुस्ती के लिये सांगीपुर एसओ के साथ यहां तैनात थानेदारों को जमकर फटकार झेलनी पड़ी। संग्रामगढ़ थाने की भी स्थिति सीओ को असंतोषजनक मिली। सीओ ने थाना प्रभारियों को रात्रि भ्रमण की गश्ती मे लापरवाही न बरतनें की भी सख्त हिदायत दी। वहीं तहसील एवं थाना समाधान दिवस के प्रार्थना पत्रों के निस्तारण मे भी देरी को लेकर फटकार लगाई। बैठक मे क्षेत्राधिकारी ने अपराध नियंत्रण को लेकर ऐहतियात बरतनें के मातहतों को निर्देश देने के साथ चोरी तथा लूट जैसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के भी ट्रिप दिये। बैठक मे कोतवाल तुषार दत्त त्यागी, एसओ सांगीपुर चंद्रकांत उपाध्याय, उदयपुर एसओ अरूण कुमार तथा संग्रामगढ़ एसओ जेपी उपाध्याय ने अपने अपने थाना क्षेत्रों के बाबत सीओ को वांछित जानकारियां प्रदान की।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ