अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलरामपुर के तुलसी पार्क में नवनिर्मित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया । भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के नाम से अटल भवन रखा गया है । प्रदेश के किसी जिले स्तर पर बनने वाला पार्टी का यह पहला कार्यालय है । कार्यालय उद्घाटन के बाद योगी ने पूरे कार्यालय के विभिन्न कक्षाओं में घूम-घूमकर निरीक्षण किया तत्पश्चात कार्यालय के सामने तुलसी पार्क में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया । अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने सपा बसपा व कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि यह सभी पार्टियां स्वार्थ में इतने डूब चुकी हैं की तमाम विषम परिस्थितियों एक दूसरे के धुर विरोधी होने के बावजूद भी भाजपा को शिकस्त देने के लिए सब एक हो गई इसके बावजूद भी राज्यसभा में भाजपा के नौवें प्रत्याशी को शिकस्त नहीं दे सके । सीएम योगी ने केंद्र व राज्य के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा प्रधानमंत्री द्वारा चलाए गए किसानों गरीबों युवाओं के लिए विभिन्न योजनाएं काफी लाभकारी सिद्ध हो रही हैं । देश के पिछड़े 115 जनपदों में बलरामपुर सबसे निचले पायदान पर है इस बात का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बलरामपुर को विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी उत्सुक हैं और इसीलिए आज सीएम योगी ने इसके लिए बैठक भी बुलाई है । बैठक में बलरामपुर की खराब सड़कों बिगड़ी स्वास्थ्य सेवाएं तथा शिक्षा ब्यवस्था को सुधारने के लिए चर्चा की जाएगी । सीएम योगी ने प्रधानमंत्री की उज्जवला योजना द्वारा गरीबों को दिए गए रसोई गैस कनेक्शन, निशुल्क विद्युत कनेक्शन, शिक्षित बेरोजगारों को दिए जाने वाले मुद्रा योजना के तहत ऋण के साथ-साथ किसान बीमा योजना व वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं का जिक्र किया और ऋण माफी योजना के तहत लाभान्वित किसानों की भी चर्चा की । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बातें नहीं करती बल्कि कार्य करके दिखाती है । सीएम योगी ने अपने संबोधन में 1 वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि अभी तक की सरकारें केंद्र द्वारा दिए गए प्रधानमंत्री आवास को गरीबों तक नहीं पहुंचा रही थी । जब से यूपी में भाजपा की सरकार बनी है 8 लाख 86 हजार ग्रामीण क्षेत्र के गरीबों को प्रधानमंत्री आवास दिया जा चुका है । इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में 3 लाख 25 हजार आवास उपलब्ध कराया गया है । 26 लाख गरीब जनता को निशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है तथा 56 हजार गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया गया है । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के लिए काफी संवेदनशील है । पहली बार ऐसा मौका है जब गन्ना मूल्य का भुगतान समय से कराया जा रहा है । गेहूं के समर्थन मूल्य में भी 110 की वृद्धि करते हुए 1745 रुपए प्रति कुंटल निर्धारित कर दिया गया है और 2 अप्रैल से गेहूं की खरीद भी शुरू करा दी जाएगी । बरसों से अटकी पड़ी सरयू नहर परियोजना के लिए अब तक की सरकारों ने धन उपलब्ध नहीं कराया था जिसके लिए इस बार यूपी सरकार ने योजना पूर्ण करने के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करा दिया है । सरयू नहर परियोजना शीघ्र पूरी हो जाएगी जिससे क्षेत्र के 8 जिलों के किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी । सीएम योगी ने बताया आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 50 करोड़ लोगों का स्वास्थ्य बीमा कराए जाने की योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी हाल ही में शुरु किया है । आयुष्मान भारत योजना में 50 करोड़ लोगों का 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा निशुल्क किया जाएगा ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ