सुनील उपाध्याय
बस्ती । साक्षर भारत मिशन प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन के आवाहन पर जनपद के लगभग 1650 प्रेरकों द्वारा रविवार को आयोजित बुनियादी साक्षरता परीक्षा का बहिष्कार किये जाने के कारण परीक्षायें नहीं हो सकी। एसोसिएशन जिलाध्यक्ष कुलदीप चौधरी ने यह दावा करते हुये बताया कि प्रेरकों को पिछले 35 माह से मानदेय भुगतान नहीं हो सका है। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी सहित अनेक उच्चाधिकारियों, मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांग किया गया था कि 24 मार्च तक मानदेय भुगतान कर दिया जाय अन्यथा प्रेरक परीक्षा का बहिष्कार करेंगे।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से कुलदीप चौधरी ने बताया कि परीक्षा बहिष्कार की चेतावनी को प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया और लगभग 5 हजार नव साक्षर परीक्षा देने से वंचित हो गये। कहा कि इन स्थितियों के लिये सीधे तौर पर जिला प्रशासन जिम्मेदार है। कहा कि यदि मानदेय भुगतान शीघ्र न हुआ तो निर्णायक आन्दोलन छेड़ा जायेगा।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रामलौट मौर्य, शैलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ सन्तोष, जितेन्द्रनाथ पाठक आदि ने कहा है कि सरकार और प्रशासन प्रेरक हितों के प्रति गंभीर नही है। पिछले 35 माह से मानदेय न दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और चिन्ताजनक है। प्रेरक अपने हक के लिये संघर्ष जारी रखेंगे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ