सुनील उपाध्याय
बस्ती : सीएम योगी आदित्यनाथ ने बस्ती को मुंडेरवा चीनी मिल के शिलान्यास का तोहफा देने के बाद सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि चीनी मिलों को औने-पौने में बेचने वाले किसानों के हितैषी कैसे हो सकते हैं। उन्होंने लोगों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए अपनी बात की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 को केंद्र में बनी सरकार के मुखिया नरेंद्र मोदी ने सबके विकास का नारा दिया। इसी कड़ी की आगे बढ़ाते हुए चीनी मिल चालू कर रहा हूँ। पिछली सरकारों ने चीनी मिल बेच दिया। आज वो किसान की बात कर रही है। जबकि हमारी सरकार पिपराइच और मुंडेरवा चीनी मिल चालू करा रही है। सरकार ने एक साल में गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के लिए काफी काम किया।
सभी के सिर पर छत हमारा लक्ष्य है। सरकार ने गरीबों को नि:शुल्क बिजली का कनेक्शन दिया। यह पहली बार है जब कहीं खाद, बीज के लिए लाठी नहीं चली। धान और गेंहू की रिकार्ड खरीद हुई। सभी को समर्थन मूल्य मिला। उन्होंने कहा कि किसानों को गेहूं की खरीद में 1735 रुपये समर्थन मूल्य मिलेगा। 5000 से अधिक जगहों पर खरीद होगी। 43 लाख मीट्रिक टन धान ख़रीदा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 तक सरयू नहर परियोजना पूरा कर देंगे। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के आठ जनपद को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार ने मार्च 2017 में गन्ने का 24 हजार करोड़ बकाया और इस सत्र का 17 हजार करोड़ बकाया का भुगतान कराया है। किसानों को समय से भुगतान करने का स्पष्ट निर्देश है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा हताश था। उनकी सरकार अगले दो साल में चार लाख नौकरियां देगी। भर्ती की तैयारी करने वाला योग्य जरूर चुना जाएगा। पीएसी की 54 कंपनी बहाल कर दी गई हैं। पारदर्शी तरीके से भर्ती होगी। इसके पहले प्रदेश की युवा शक्ति का लाभ प्रदेश को नहीं मिला।
एक जिला एक उत्पाद योजना विकास को नई दिशा देगी। 20 लाख लोगों को उद्यम से जोड़ा जाएगा। प्रदेश में निवेश का रास्ता खुला है। सभी को सुरक्षा का भरोसा मिला है। 22 फरवरी को इन्वेस्टर्स समिट में 4.68 लाख करोड़ के निवेश का रास्ता खुल गया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ