अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर । यातायात पुलिस बलरामपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के निर्देशन में जिलेभर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है । इस अभियान के तहत यातायात पुलिस द्वारा भीड़ भाड़ वाले इलाकों में जैसे चौराहों पर, सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों , स्कूलों, बाजारों , टैक्सी स्टैंड तथा नुक्कड़ों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को जागरुक करने का कार्य लगातार किया जा रहा है । जिला मुख्यालय सहित जिले के तहसील मुख्यालय तथा बाजारों में प्रोजेक्टर लगा कर लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जा रही है । साथ ही यातायात नियमों की अनदेखी करने से होने वाले नुकसान को भी दिखाया जा रहा है । जागरूकता अभियान में प्रमुख रुप से लोगों को बताया जा रहा है कि बगैर हेलमेट बाइक न चलाएं, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर बांधे और सड़कों के किनारे बनाए गए यातायात संकेतों का पालन करें । निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन बिल्कुल न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें , वाहन चलाते समय एक दूसरे से भी बात न करें , खुद भी सुरक्षित रहें और सामने वालों का भी ध्यान रखें आगे जाने वालों के लिए उचित स्थान देखकर पास दें । ऐसे तमाम यातायात नियमों तथा सावधानियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को समझाने का प्रयास यातायात पुलिस कर रही है । यातायात पुलिस के मार्गदर्शन हेतु पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी ओम प्रकाश सिंह, तहसील तुलसीपुर व उतरौला के पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित थाना अध्यक्ष इस अभियान में बराबर सहयोग प्रदान कर रहे हैं । यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान का बुद्धिजीवी वर्ग में काफी सराहना भी की जा रही है ।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान 26 मार्च से प्रारंभ किया गया है जो आगामी 25 मई तक लगातार चलाया जाएगा और इसके तहत यातायात पुलिस प्रोजेक्टर के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलती रहेगी । उन्होंने लोगों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ