अखिलेश्वर तिवारी
संसद न चलने देने के लिए विपक्षी दलों को दी नसीहत
कांग्रेस सपा और बसपा को बताया लोकतंत्र विरोधी
बलरामपुर । विपक्षी दलों द्वारा लोकसभा का बजट सत्र ना चलने देने के विरोध में भाजपा सांसद दद्दन मिश्रा की अगुवाई में आज एक दिवसीय उपवास रखकर विरोध दर्ज कराया गया । जिला मुख्यालय स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के सामने आज सुबह से ही भाजपा सांसद दद्दन मिश्र , सदर विधायक पलटू राम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक उतरौला रामप्रताप वर्मा व जिला अध्यक्ष राकेश सिंह सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपवास कार्यक्रम में सम्मिलित हुए । सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक के लिए निर्धारित उपवास कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं का आना-जाना लगा रहा । सांसद श्री मिश्र ने बताया कि अकारण बजट सत्र न चलने देने और चर्चा में भी भाग न लेने से यह साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस सपा व बसपा सहित तमाम विरोधी दलों को जनता के भलाई से कुछ लेना-देना नहीं है और यह लोग जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे से केवल ऐश करना चाहते हैं । इन पार्टियों को देश के विकास व राष्ट्रहित से कुछ लेना-देना नहीं है । यह सारी पार्टियां देश विरोधी और लोकतंत्र विरोधी हैं । भाजपा के सांसदों ने 23 दिनों तक सत्र ना चलने के कारण अपना वेतन वापस कर दिया है परंतु विपक्षी दलों के किसी भी सांसद ने वेतन वापस करने की हिम्मत नहीं जुटाई जिससे स्पष्ट होता है कि यह लोग जनता की गाढ़ी कमाई से ऐश करने के आदी हो चुके हैं । इतना ही नहीं चर्चा की मांग के बाद चर्चा की स्वीकृति मिलने के बावजूद कांग्रेस पार्टी ने चर्चा में हिस्सा नहीं लिया यहां तक अति महत्वपूर्ण बिल श्रमिक कल्याण बिल तथा बिजनेस से संबंधित बिल को कांग्रेस ने राज्यसभा में पारित नहीं होने दिया जिससे यह स्पष्ट होता है कांग्रेस पार्टी श्रमिकों का हित नहीं चाहती है । लोकसभा में बजट सत्र के दौरान विपक्षी दलों ने चर्चा में हिस्सा नहीं लिया पूरे 23 दिनों तक हंगामा करते हुए सांसद को चलने नहीं दिया जिससे मजबूरन आवश्यक बिलों को शोर शराबे के बीच सरकार को पास कराना पड़ा और इसीलिए भारतीय जनता पार्टी को यह निर्णय लेने पर मजबूर होना पड़ा कि देश पर 70 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी सहित गरीबों व पिछड़ों के हितैषी बताने वाली पार्टियां समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी की करतूतों को जनता के सामने रखा जाए और इसी लिए आज पूरे देश में भाजपा सांसद विधायक मंत्री व कार्यकर्ता सभी एक दिवसीय उपवास करके विपक्षी दलों की करतूत को उजागर करने का काम कर रहे हैं । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद उपवास रखकर विपक्षी दलों के कारनामों को आम जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं । उपवास के दौरान भाजपा महामंत्री अजय सिंह पिंकू, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू , पूर्व नपाप अध्यक्ष कुसुम चौहान व नगर अध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ