सुनील उपाध्याय
बस्ती: बभनान में बंद रेलवे क्रासिंग पार करने के दौरान हुए हादसे में घायल दो युवकों में से एक सुरेंद्र ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। जबकि दूसरा युवक सलीम शहर के एक प्राइवेट हास्पिटल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। हादसे में बाइक सवार एक युवक संजय की गुरुवार की रात मौके पर ही मौत हो गई थी।
गुरुवार की शाम साढ़े सात बजे न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट डाउन बभनान से गोरखपुर की ओर रनथ्रू जा रही थी। ट्रेन बभनान रेलवे स्टेशन से पूरब समपार फाटक संख्या 222ए पर पहुंची थी कि इसी बीच बंद क्रासिंग को पार कर रहे दो बाइक सवार चपेट में आ गए। हादसे में पड़ोसी जनपद गोण्डा के खोड़ारे थाना अन्तर्गत बगदर निवासी संजय मौर्या (24) की बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
वहीं ट्रेन का झटका लगने से गौर थाना क्षेत्र के उकरहा निवासी सुरेंद्र यादव (20) पुत्र श्यामलाल यादव व सलीम (18) पुत्र मोहम्मद जाकिर बुरी तरह से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए बभनान में निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया था। लेकिन हालत ज्यादा नाजुक देख चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। शुक्रवार को सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरा घायल सलीम शहर में स्थित एक प्राइवेट हास्पिटल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ