अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद के सभी बैंकों के कर्मचारी 11 वें वेतन आयोग को लागू करने की मांग को लेकर 2 दिनों.की हड़ताल पर चले गए हैं । पूरे देश में हो रहे बैंक कर्मियों की हड़ताल के साथ-साथ जनपद बलरामपुर के दर्जनों बैंक शाखाओं पर ताला लटकता रहा । सैकड़ों की संख्या में बैंक कर्मियों ने स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर एकत्रित होकर जुलूस निकाला तथा सरकार व वित्त मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । जिला मुख्यालय के मुख्य चौराहे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार को चेतावनी दी कि मांगे मानी नहीं गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल भी किया जाएगा । बैंक कर्मियों के हड़ताल से जिले मे लगभग 100 करोड़ प्रतिदिन के कारोबार पर असर पड़ रहा है । वही बैंकों में लेन-देन करने वाले उपभोक्ताओं को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है । कोई दवा के लिए पैसे निकालने आया था तो किसी को खाद और बीज की जरूरत है और ऐसे में 2 दिनों तक बैंक की बंदी की घोषणा के बाद आम जनता को काफी कठिनाई हो रही है ।
![]() |
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के जिला संयोजक डीपी शर्मा ने बताया की वे लोग हड़ताल करना नहीं चाहते क्योंकि बैंक बंद होने से आम जनता को काफ़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है परंतु सरकार के अड़ियल रवैया के कारण मजबूरन उन लोगों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है । उन्होंने यह भी बताया कि हम लोग हड़ताल के दिनों का वेतन नहीं लेते हैं । देशव्यापी हड़ताल में 10 लाख कर्मचारी शामिल हो रहे हैं जो 2 दिनों का वेतन नहीं लेंगे । उन्होंने कहा कि नवंबर माह से उन लोगों के वेतन का समझौता लंबित पड़ा हुआ है । संघ के नेताओं द्वारा बार-बार वित्त मंत्री से अनुरोध के बावजूद कोई निर्णय नहीं लिया गया जिससे मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा । यूनियन के जिला सचिव संजय शुक्ला ने कहा की मांगे पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा और इसके लिए सरकार स्वयं जिम्मेदार होगी । अभी 30 और 31 मई को सांकेतिक रूप से हड़ताल किया जा रहा है ताकि सरकार हमारी मांगों को मान लें । उन्होंने हड़ताल में सभी ग्रामीण बैंकों तथा निजी बैंकों के कर्मचारियों का सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया । प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों में राज कुमार श्रीवास्तव, मुर्तजा खान, विवेक द्विवेदी , धीरेंद्र , अनिल, डीवी कैराती, अब्दुल जब्बार, प्रमोद कुमार, मोइनुद्दीन, वकील कुमार, प्रशांत सिंह, अमर वर्मा, सीताराम, दिनेश, करीम, सौरभ, दीपचंद, दीपक, अनुज, संतू, कृष्णा, राजेश व अर्पित सहित सैकड़ों बैंक कर्मी शामिल थे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ