शिक्षा मित्र मुद्दे पर सरकार गंभीर, जल्द निकलेगा स्थाई हल:मनोज सिन्हा
सुनील उपाध्याय
बस्ती:आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन जिलाध्यक्ष आनंद दूबे की अगुवाई में सोमवार को दर्जनों की संख्या में शिक्षा मित्र एकत्रित होकर जनपद में पहुंचे दूरसंचार व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से मुलाकात कर शिक्षा मित्रों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
शिक्षा मित्रों ने दिए गए ज्ञापन में कहा है कि समायोजन निरस्त होने के बाद दस हजार अल्प मानदेय में जीवन यापन करना कठिन हो गया है। सरकार से मांग की है कि जब तक कुछ स्थाई हल नहीं निकल जाता है जीवन यापन के लिए तीस हजार मानदेय रूप में दिया जाय और उत्तराखंड मॉडल पर विचार करते हुए पुनः शिक्षक बनाया जाय।
राज्यमंत्री ने शिक्षा मित्रों को आश्वासन देते हुए कहा कि हमारी सरकार आप सभी के मामले को लेकर गंभीर है। सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ हम जा नहीं सकते। मानदेय बढ़ाने को लेकर सरकार विचार कर रही है और जल्द ही कुछ स्थाई हल शिक्षा मित्रों के लिए निकाल लिया जायेगा। आप सभी की समस्यों को लेकर जल्द मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर वार्ता करूँगा।
ज्ञापन सौंपते समय जिला उपाध्यक्ष रजनीश मिश्र,गिरजेश दूबे बरसाती यादव, विश्वम्भर नाथ दूबे, श्रीकांत मिश्र, चंद्रेश तिवारी, सुनील तिवारीसहित दर्जनों की संख्या में शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ