अखिलेश्वर तिवारी
समिति के अध्यक्ष सचिव के साथ 20 किसानों के नाम एफआईआर दर्ज
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर में गेहूं खरीद मे बड़ी अनियमितता पकड़ा गया है जहां मात्र कुछ किसानों से करोड़ों का गेहूं खरीदा गया और भुगतान भी कर दिया गया । शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी द्वारा तहसील उतरौला क्षेत्र के दो क्रय केन्द्रों रेहरा बाजार तथा रामपुर अरना का अपरजिलाधिकारी से जांच कराया गया जिसमें करोड़ों के फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई जिसके बाद दोनों क्रय केंद्रों का खाता सीज कर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर में गेहूं खरीद में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद खाद्यान्न माफियाओं में हड़कंप मच गया है । जिले में संचालित कुल 45 गेहूं क्रय केन्द्रों में से अभी केवल दो क्रय केंद्रों की जांच की गई है जिसमें करोड़ों के घोटाले का खुलासा हुआ है । इन केन्द्रों पर कर्मचारियों की मिलीभगत से ऐसे किसानों के नाम भुगतान किया गया है जिनके पास जमीन कम है लेकिन गेहूं अधिक दिखाया गया है । सहकारी क्रय विक्रय समिति उतरौला पीसीएफ द्वारा संचालित गेहूं खरीद केंद्र रेहरा बाजार व रामपुर अरना में अनियमितता की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार शुक्ला से जांच कराया गया । जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किसानों के पास उपलब्ध भूमि के हिसाब से अधिक गेहूं कुछ किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए खरीदा गया एवं उनके खाते में भुगतान भी किया गया । इन दोनों केंद्रों पर 20 ऐसे किसान हैं जिन्होंने अपने गेहूं का सप्लाई किया है उनमें से 7 किसान ऐसे हैं जिन्होंने एक हजार से चार हजार कुंतल के बीच गेहूं सप्लाई किया है । इन सात किसानों ने 16418 कुंटल 2 करोड़ 87 लाख 19 हजार 210 रु मूल्य का गेहूं सप्लाई किया है । यहां यह बताना जरूरी है कि एक किसान के पास कृषि योग्य भूमि 12.5 एकड़ से अधिक नहीं हो सकती और ऐसी दशा में यदि किसान अपने पूरी भूमि पर गेहूं की खेती करता है तो अधिकतम लगभग दो सौ कुंतल उत्पादन ही कर पाएगा परंतु इन दोनों खरीद केंद्रों पर किसानों ने हजारों कुंतल गेहूं उत्पादन करने का दावा करते हुए बिक्री किया है । बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद उतरौला क्रय विक्रय सहकारी समिति द्वारा संचालित इन दोनों केंद्रों रेहरा बाजार तथा रामपुर अरना के खाते सीज करा दिए गए हैं । साथ ही सचिव अजय कुमार जायसवाल व सभापति कौशल कुमार दास सहित अन्य किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश द्वारा जिला सहायक निदेशक सहकारिता को दिया गया है । अपर जिला अधिकारी अरुणकुमार कुमार शुक्ला ने बताया कि उतरौला क्रय विक्रय समिति के सचिव अजय कुमार जैसवाल तथा समिति के अध्यक्ष कौशल कुमार दास एवं 19 अन्य किसानों के खिलाफ थाना रेहरा मे मुकदमा दर्ज करा कर विधिक कार्यवाही शुरु कर दी गई है । उन्होंने बताया कि समिति के अध्यक्ष व सचिव के अलावा जिन किसानों के ऊपर एफ आई आर दर्ज किया गया उनमें कौशल कुमार दास , मनमोहन दास, राजकिशोर, राम भवन , वीरेंद्र कुमार , प्रवेश कुमार, सद्दाम कुरेशी, अली जहीर, राकेश यादव, सुरजीत, लवकुश यादव , हरिश्चंद्र यादव, पांचूराम , भीम सिंह यादव , जगदंबा प्रसाद, मानिक राम, ओम प्रकाश, छांगुर, सुरेश चंद्र व प्रदीप कुमार शामिल हैं ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ