शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी शिवाजी शुक्ल ने शनिवार को लालगंज कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। एएसपी ने कोतवाली के अभिलेखों का निरीक्षण करते हुये मातहतों को भी तलब किया। एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक समेत उपनिरीक्षकों व आरक्षियोें से फरियादियों के शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के बाबत कडी पूछताछ की। एएसपी ने निरीक्षण के बाद आपराधिक मुकदमों की विवेचना की प्रगति की समीक्षा भी की। ज्यादातर दरोगाओं द्वारा विवेचनाओं के निस्तारण मे फिसडडीपन देख एएसपी भड़क उठे। उन्होनें मातहतों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू किये जाने की चेतावनी देते हुये अगली समीक्षा मे एसपी के स्तर पर सजा सुनाये जाने का भी तल्ख ऐलान किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने तहसील एवं थाना समाधान दिवस के प्रार्थना पत्रों के निस्तारण मे लापरवाही पर पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। एएसपी ने कहा कि पीडित फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण मे किसी भी प्रकार की ढिलाई पर कड़ी दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होनें कोतवाली मे महिला अपराधों से जुडे मामलो मे कार्रवाई के लिये उप निरीक्षको को समयबद्ध कदम उठाये जाने की नसीहत भी दी। एएसपी ने रात्रि गश्त तथा पिकेट पुलिस की तैनाती के दौरान किसी भी प्रकार की ढ़िलाई पाये जाने पर कोतवाल को सीधे विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी। एएसपी के औचक निरीक्षण को लेकर कोतवाली मुख्यालय पर घंटो हडकम्प का माहौल देखा गया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ