डॉ ओपी भारती
गोण्डा:वजीरगंज क्षेत्र के बँधवा के कोदई बगिया में एक निजी गोदाम में बड़े पैमाने पर हो रहे सरकारी खाद्यान्न घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। विधायक तरबगज व उप-जिलाधिकारी के नेतृत्व में तमाम अधिकारियो की मौजूदगी में पड़े छापे में हजारों बोरी सरकारी खाद्यान्न बरामद हुआ है। आरोपी अपने साथियों समेत फरार होने में सफल रहा।
रविवार की दोपहर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विधायक तरबगंज प्रेमनरायन पाण्डेय, उपजिलाधिकारी सौरभ भट्ट , सीओ तरबगंज कृष्णचन्द्र सिंह , तहसीलदार श्याम कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, डिप्टी आर एम अजय विक्रम के नेतृत्व में टीम ने जब खाद्यान्न गोदाम पर छापा मारा तो वहाँ हजारो बोरी चावल जिस पर जगाधरी हरियाणा का टैग लगा हुआ था, के साथ भारी मात्रा में खुले व बोरियो में पैक गेंहू जिन पर क्रय केंद्र साधन सहकारी समिति कर्मा सांचे से छापा जा रहा था। गोदाम में ही एक ट्रक से गेहूं उतारा जा रहा था। मौके से बोरा सिलने की दो मशीन, दो कम्प्यूटराईज्ड तौल कांटे , भारी मात्रा में सरकारी सप्पलाई के खाली बोरे के साथ पैकिंग व लदान के अन्य उपकरण भी मौके पर मिले।
मौके पर बोरों पर लगने वाले सरकारी टैग भी जलाए मिले।इस सम्बंध में विधायक तरबगंज ने बताया कि मुख्यमंत्री के गत दिनों वन टांगिया ग्राम असर्फाबाद में हुए आगमन पर उनसे वजीरगंज व बेलसर ब्लॉको में सरकारी खाद्यान्न के बड़े पैमाने पर हो रहे हेरा फेरी की लिखित शिकायत की थी, मौके पर ही मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों के पेंच कसे थे,व उन्होंने उचित कार्यवाही न करने पर जनपद के अधिकारियों पर कार्यवाही करने की चेतावनी दी थी। विधायक ने यह भी बताया कि बरामद खाद्यान्न 50 लाख से एक करोड़ के बीच का हो सकता है। एस डी एम सौरभ भट्ट ने बताया कि मौके पर दस हजार बोरी की गिनती की जा चुकी है, शेष की गिनती हो रही है। यह गोदाम बंधवा के कोदई बगिया निवासी पवन सिंह की निजी संपत्ति है और वही इसमें संलिप्त बताया जा रहा है और लोगो के शामिल होने की संभावना है,जिसकी जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्सा नही जाएगा।मौके पर प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज विनोद कुमार सरोज के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौजूद है।कथित आरोपी साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ