अखिलेश्वर तिवारी
वीरता के प्रेग्नेंट होने पर मामला का हुआ खुलासा
पुलिस मुख्य आरोपी के सहयोगियों को बचाने में जुटी
बलरामपुर। सरकार और सरकारी मशीनरी कितना भी सुशाशन का दावा कर ले पर अपराधी बेखौफ होकर बलात्कार जैसे घिनौने अपराध को अंजाम दे रहे हैं । थाना तुलसीपुर क्षेत्र में एक नाबालिग से रेप कर उसका वीडियों बनाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों की धमकी से डरी सहमी पीड़िता ने किसी से घटना का जिक्र तक नही किया क्योंकि आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित नाबालिग लड़की प्रेगनेंट हो गयी और उसकी तबीयत खराब रहने लगी। पीड़िता के परिजनों का पुलिस पर आरोप है कि घटना में चार लोग शामिल थे लेकिन पुलिस ने पीड़िता की तहरीर बदलवा कर सहयोगी तीन युवकों का नाम तहरीर से निकाल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना तुलसीपुर क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग रेप पीड़िता का आरोप है कि वो एक मार्च को घर में अकेली थी । मौका पाकर गांव के चार युवक दीपू, साजन, बाबूलाल व कन्हई घर पर आकर दरवाजा खटखटाने लगे। गांव के युवकों को देखकर पीड़िता ने जैसे ही दरवाजा खोला दो युवक दरवाजे पर खड़े हो गये व दो युवकों से उसे दबोच लिया जिसमें से एक युवक ने उसके साथ रेप किया व एक ने उसका वीडियो बनाया। रेप के बाद युवकों ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि वो किसी से घटना का जिक्र करेगी तो वे रेप का वीडियो इंटरनेट पर डाल देंगे। इस बीच युवक वीडियों का सहारा लेकर पीड़िता को लगातार धमकी देते रहे। मामले का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग पीड़िता की तबीयत अचानक खराब हुई। पीड़िता के पिता उसे लेकर गोण्डा चिकित्सालय गये लेकिन खून की कमी होने पर उसे बहराइच रेफर कर दिया गया। बहराइच में एक प्राइवेट नर्सिग होम में पीड़िता का इलाज चला। ठीक होने के बाद जब वो घर वापस आई तो पिता से आत्महत्या करने की बात की। पीड़िता के पिता उसे 06 जून को तुलसीपुर थाने लेकर गये। जिसके बाद पीड़िता की तहरीर पर एक आरोपी दीपू उर्फ दीपक के खिलाफ 6 जून को तुलसीपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। घटना में पीड़िता व परिजनों का आरोप है कि घटना में कुल चार लोग शामिल थे लेकिन पुलिस ने पीड़िता से तहरीर बदलवाकर घटना में शामिल सभी सहयोगियों का नाम उसमें से हटा दिया है। पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया है तथा आरोपी युवक दीपू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ