शिवेश शुक्ला
बाग मे हत्या कर फेंका गया था युवक का शव, कार्रवाई की मांग को लेकर घर के सामने शव रखकर अडे़ थे परिजन
प्रतापगढ़। जिले के लालगंज कोतवाली के अझारा गांव मे युवक की हत्या को लेकर परिजनो ने आखिर चौथे दिन जिले के अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी राकेश सिंह के आश्वासन पर मृतक रीतेश के शव का अंतिम संस्कार किया। तीन दिनो से पुलिस एवं प्रशासन रीतेश का शव गांव मे परिजनो द्वारा घर के सामने रखे जाने के साथ अंतिम संस्कार की मनाही को लेकर हलाकान रहा। बतादें अझारा गांव के ओमप्रकाश मिश्र का पुत्र रीतेश कुमार मिश्र उर्फ सज्जन शुक्रवार की शाम मवेशी चराने निकला था लेकिन लौटकर घर नहीं आया। पुलिस ने घटना को लेकर तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर रखा हैं। वहीं पिछले दो दिनो से पुलिस ने रीतेश हत्याकांड को लेकर दो युवतियों समेत एक युवक को हिरासत मे रखकर घटना के बाबत पूछताछ मे जुटी बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक युवक के दोनो फोन नंबरो का कॉल डिटेल भी सर्विलांस पर लगा रखा है। इसके बावजूद भी घटना के चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली है। इधर रविवार को दिन मे एसडीएम महेंद्र सिंह तथा सीओ ओपी द्विवेदी ने मृतक के परिजनो को शव के दाह संस्कार कराये जाने को लेकर घंटो मशक्कत किया किंतु निराशा ही हाथ लगी। इसकी जानकारी होने पर रविवार की ही देर रात डीएम शंभु कुमार एवं एसपी संतोष सिंह के निर्देश पर जिले के एएसपी पूर्वी राकेश प्रताप सिंह गांव पहुंचे और आक्रोशित परिजनो तथा ग्रामीणो को देर रात तक समझाया बुझाया। एएसपी ने परिजनो को आश्वस्त किया कि पुलिस शीघ्र ही घटना का खुलासा कर सही हत्यारोपियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचायेगी। एएसपी के आश्वासन पर परिजन अंतिम संस्कार को किसी तरह राजी हो सके। इसके बावजूद सोमवार की सुबह कॉल डिटेल की मांग को लेकर परिजन शव उठाने मे आनाकानी करने लगे। तब एसडीएम महेंद्र कुमार व कोतवाल गया प्रसाद शुक्ला फिर गांव पहुंचे तथा परिजनो को एएसपी के वायदे के मुताबिक शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब की जाकर दोपहर बाद परिजन पुलिस सुरक्षा मे मृतक के शव को श्रंगवेरपुर गंगाघाट ले जाकर अंतिम संस्कार किया। मृतक युवक के अंतिम संस्कार होने के बाद प्रशासन व जनप्रतिनिधियों ने भी राहत की सांस ली।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ