Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

युवक की मौत को लेकर अज्ञात युवकों ने डाक्टर समेत स्वास्थ्यकर्मियों को जमकर पीटा

अस्पताल मे मेडिकल स्टाफ से वार्ता करते एसडीएम व सीओ



   शिवेश शुक्ला 

प्रतापगढ़। जिले के लालगंज  सीएचसी मे बीती रविवार की देर रात अज्ञात लगभग तीस वर्षीय युवक की डाक्टर द्वारा मौत घोषित करने को लेकर साथ आये दो युवको ने मारपीट के साथ अस्पताल मे जमकर बवाल काटा। इमरजेंसी के डाक्टर समेत तीन स्वास्थ्यकर्मियो की जमकर पिटाई करने के बाद आरोपी युवक अस्पताल से जीवन रक्षक उपकरण उठा ले गये और अभिलेख फाडने के साथ जमकर तोडफोड भी की। पुलिस अस्पताल के अधीक्षक की तहरीर पर दो अज्ञात युवको के खिलाफ कई गंभीर धाराओ मे केस दर्ज कर घटना की छानबीन मे जुटी गयी है। लखनऊ वाराणसी नेशनल हाईवे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्यालय पर रात करीब तीन पैतालिस बजे दो युवक बजाज एवेन्जर बाइक से गंभीर हालत मे बीमार एक युवक को इलाज के लिये ले आये। सूचना मिलते ही इमरजेंसी मे तैनात अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. ओमप्रकाश पटेल व फार्मासिस्ट डा. महेंद्र पाल ने बीमार युवक का परीक्षण करते हुये उसे मृत घोषित कर दिया।
इमरजेंसी सेवा के सामने नारेबाजी करते स्वास्थ्यकर्मी
डाक्टरो के युवक को मृत घोषित करते ही आरोपी दोनो युवको ने आपा खो दिया तथा डाक्टर व फार्मासिस्ट को लात घूसों से गिरा गिराकर मारने पीटने लगे। डाक्टरो की चीख पुकार सुन स्वीपर विनय कुमार भी वहां पहुंचा और गुस्साये युवकों के कोपभाजन का शिकार हो गया। इससे पहले कि अस्पताल मे भर्ती अन्य मरीजों के तीमारदार पहंुचते आरोपी दोनो युवक मृतक का शव लेकर बाइक से अस्पताल छोड़कर भाग निकले। मेडिकल स्टाफ की पिटाई की जानकारी होते ही रात मे ही अस्पताल परिसर मे अफरातफरी मच गयी। पीड़ित अस्थिरोग विशेषज्ञ डा. ओमप्रकाश पटेल ने सीएमओ को पत्र लिखकर अपने इस्तीफे की पेशकश की है। अधीक्षक द्वारा डा. पटेल के त्यागपत्र को सीएमओ के पास भेज भी दिया गया है।
हडताल के चलते ओपीडी कक्ष मे तालाबंदी
इधर सोमवार को सुबह होने पर अस्पताल मे पहुंचने वाले मरीजो ने ओपीडी तथा इमरजेंसी मे तालाबंदी देखी तो वह आवाक रह गये। स्वास्थ्य सेवाओ के ठप होने को लेकर मरीज जहां निराश लौटने लगे वहीं गंभीर रूप से बीमार परिजनो के साथ कस्बे के निजी नर्सिग होमो मे शरण लेने को विवश भी देखे गये। कुछ तीमारदार तो मरीजो को लेकर जिला अस्पताल भी भागने को मजबूर नजर आये। घटना की जानकारी होते ही एसडीएम महेंद्र सिंह तथा सीओ ओपी द्विवेदी व कोतवाल गया प्रसाद शुक्ल एवं एसएसआई कृपाशंकर राय भारी फोर्स बल के साथ अस्पताल पहुंचे।
इलाज के लिये सीएचसी परिसर मे बेहाल मरीज व तीमारदार
इधर प्रशासनिक अफसरो के नाराज स्वास्थ्यकर्मियो के साथ मान मनौवल का दौर भी शुरू हुआ। किंतु नाराज स्वास्थ्यकर्मियो ने इमरजेंसी के बाहर इकटठा होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अस्पताल मे स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की वारदात की भनक डीएम तक पहुंच गई। नाराज जिलाधिकारी शंभु कुमार ने एसडीएम को फोन पर फटकार लगाते हुये घटना के आरोपियो के खिलाफ कडी कार्रवाई के निर्देश दिये। इधर मातहतों के साथ घटना को लेकर जिले के सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे और वार्ता कर देर शाम मेडिकल स्टाफ की हडताल को समाप्त करा सके। घटना को लेकर अधीक्षक डा. अरविंद गुप्ता की तहरीर के आधार पर अज्ञात दो युवको के खिलाफ मारपीट तथा गालीगलौज व जानलेवा धमकी, तोडफोड, उपकरण ले जाने एवं अभिलेख फाड़ने समेत सरकारी कामकाज मे बाधा उत्पन्न करने सहित अफरातफरी का माहौल बनाने व मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट जैसी कई धाराओ मे केस दर्ज किया है। इस बाबत सीओ ओपी द्विवेदी का कहना है कि अस्पताल मे घटी घटना के बाबत तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। छानबीन के आधार पर पुलिस आरोपियो के लगभग करीब पहुंच चुकी है। शीघ्र ही दोषियो के खिलाफ कडी कार्रवाई की जायेगी। अस्पताल मे मारपीट की घटना को लेकर पुलिस द्वारा केस दर्ज करने के बावजूद स्वास्थ्यकर्मियो मे आक्रोश ज्यों का त्यों बना दिख रहा है। 
कैम्पस मे उठाई पुलिस चौकी की मांग
अस्पताल मे इमरजेंसी सेवा के दौरान मेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट की घटना को लेकर नाराज स्वास्थ्यकर्मियो ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर परिसर मे पुलिस चौकी बनाये जाने की मांग की है। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि हाईवे पर सीएचसी होने के कारण आयेदिन लोग अस्पताल मे उपद्रव किया करते है। रात्रि पाली मे महिला स्टाफ के साथ भी बदसलूकी हुआ करती है। फिलहाल सीओ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने सीएचसी परिसर मे पुलिस पीआरबी तैनात कर दिया है। गौरतलब है कि अस्पताल परिसर मे ट्रामा सेंटर का निर्माण भी लगभग पूर्ण हो गया है। ऐसे मे जबकि सीएचसी की चहरदीवारी भी कई तरफ से अतिक्रमण का शिकार है। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सुरक्षा की गुहार की अनदेखी करना प्रशासन के लिये लगातार मुसीबत का सबब हो सकता है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे